बयाना. एसडीएम व बीडीओ को ज्ञापन सौंपते पंचायतीराज के मंत्रालयिक कर्मचारी।
मनरेगा कार्मिकों के आंदोलन को भी दिया समर्थन
बयाना | मनरेगा संविदा कर्मियों के आंदोलन के समर्थन सहित कैडर रिव्यू की मांग व नैसर्गिक न्याय नहीं मिलने से क्षुब्ध पंचायतीराज के मंत्रालयिक कर्मचारियों ने शुक्रवार से अपने आंदोलन की शुरुआत की। आंदोलन के पहले चरण में शुक्रवार को कर्मचारियों ने मनरेगा योजना संबंधी कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करते हुए मुख्यमंत्री व विभागीय मंत्री के नाम पंचायत समिति सभागार में एसडीएम संतोष मीणा व बीडीओ आरपी गालव को ज्ञापन सौंपे। संगठन के संभागीय अध्यक्ष दरबसिंह मावई के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में कर्मचारियों ने कैडर स्ट्रेन्थ रिवाइज करने, शेष रहे पदों पर शीघ्र भर्ती करने, 5 अप्रैल को जारी विभागीय आदेशों को निरस्त अथवा संशोधित करने, समान संवर्ग के कार्मिकों के मध्य कार्य विभाजन समान शक्तियों एवं कर्तव्यों के साथ करने, गृह जिले में स्थानातंरण के संबंध में नियमों की व्यवस्था करने व अनुकंपात्मक नियुक्तियों के तहत लगे कनिष्ठ लिपिकों को टंकण परीक्षा से राहत देने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारी व वर्षों से संविदा का दंश झेल रहे मनरेगा कार्मिंक नैसर्गिक न्याय से वंचित हैं। इससे कर्मचारियों में खासा रोष व्याप्त है। संगठन की ओर से आगामी 21 मई से 23 मई तक जिला एवं ब्लॉक कार्यालयों के समक्ष आमजन को ठंडा पानी व शरबत पिलाकर उनसे अपने आंदोलन को सफल होने की दुआएं व आशीर्वाद लेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रेश कटारा, धर्मेंद्र शर्मा, राजवीर सूपा, रसाल सिंह गुर्जर, हेमराज, नेमीचंद शर्मा, उर्मिला, विमला गुर्जर, डालचंद ढाका, बाली, विष्णु कुमार आदि मौजूद रहे।
डीग | पंचायती राज के मंत्रालयिक कर्मचारियों के कैडर रिव्यू सहित नैसर्गिक न्याय की मांग और मनरेगा संविदा कार्मिकों के आंदोलन के समर्थन में पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन ब्लाॅक डीग ने मुख्यमंत्री सहित पंचायती राज मंत्री, मुख्य सचिव और शासन सचिव के नाम उपखण्ड अधिकारी और विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पंचायत राज व्यवस्थाओं में वित्त विभाग के अनुसार कैडर स्ट्रेंथ रिव्यू रिवाइज करने, पंचायत राज के सभी कार्यालयों में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों का जाॅब चार्ट निर्धारित कर पदस्थापित समान संवर्ग के कर्मचारियों के मध्य कार्य विभाजन करने, कनिष्ठ लिपिक पदों पर शीघ्र भर्ती, गृह जिले मे स्थानांतरण की व्यवस्था आदि मांगों के समर्थन मे 24 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की बात कही है।