बयाना-भरतपुर स्टेट हाईवे पर टोल शुरू, कॉमर्शियल सफर महंगा
बयाना | सेवर से गंगापुर तक बने स्टेट हाईवे संख्या एक पर बुधवार से टोल टैक्स शुरू होने से कॉमर्शियल वाहनों का सफर महंगा हो गया। राज्य सरकार के आदेशों के तहत निजी वाहनों को टोल फ्री रखा गया है। सड़क निर्माण कंपनी आरएसआरडीसी की ओर से इस रोड पर बनाए गए तीनों टोल प्लाजाओं पर बुधवार से टोल टैक्स शुरु हो गया। आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसएस मीणा ने बताया कि सेवर से बयाना के बीच वीरमपुरा, बयाना से हिण्डौन के बीच सूरौठ तथा हिण्डौन से गंगापुर सिटी के बीच सेवा गांव पर बनाए गए तीनों टोल प्लाजाओं पर मंगलवार-बुधवार की रात बारह बजे से टोल वसूली शुरू हो गई। फिलहाल कंपनी की ओर से ही टोल वसूली शुरू की गई है। आगामी माह में टेंडर होने पर टेंडर लेने वाली फर्म की ओर से टोल लिया जाएगा।
ये रहेंगी दरें
प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसएस मीणा ने बताया कि नॉन-एग्रीकल्चर ट्रैक्टर मय ट्रॉली की दर 40 रुपए, व्यापारिक उपयोग के टैम्पो, टैक्सी, जीप पर 40 रुपए, वाणिज्यिक लाइट मोटर व्हीकल पर 60 रुपए, बस, ट्रक आदि पर 120 रुपए, भारी व्यापारिक मशीनरी पर 200 रुपए तथा ओवर साइज 7 एक्सल वाहनों से 240 रुपए टोल के रूप में लिए जाएंगे।