शादियों के सीजन से बाजारों में जाम जैसे हालात
भास्कर संवाददाता|बयाना/भुसावर
फसली व शादी-विवाहों का सीजन होने से इन दिनों बाजारों में जाम के हालात बन रहे हैं। इससे दुपहिया व पैदल राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। थाने पर नफरी की कमी व यातायात पुलिसकर्मियों को दूसरे कार्यों में लगा देने से जाम के हालात बन रहे हैं। जानकारी के अनुसार इन दिनों गांवों से किसान अपनी कृषि उपज को बेचने के लिए शिवगंज अनाज मंडी सहित सरकारी खरीद केन्द्र पर ला रहे हैं। मंडी व खरीद केन्द्र कस्बे के बीचोंबीच होने से फसल से भरी 200-250 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बाजारों में प्रवेश कर रही हैं। वहीं मंडी में खरीदे जाने वाले माल को व्यापारी ट्रकों में लदवा कर बाहर भेज रहे हैं। फसल लाने वाले वाहनों के चालक कई बार अपने वाहनों को सड़क के बीच में खड़ा कर चले जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बन रही है। बजरिया, सुभाष चौक, शिवगंज मंडी रोड, सब्जी मंडी रोड, आर्य समाज रोड पर दिनभर जाम के हालात बने रहे। दुपहिया वाहन चालक व राहगीर पुलिस प्रशासन को कोसते नजर आए। अनाज मंडी में लगने वाले जाम की समस्या से खुद मंडी के व्यापारी भी परेशान हैं। क्योंकि मंडी परिसर में ही अधिकतर व्यापारियों के परिवार निवास करते हैं। हालत ये है कि मंडी में बिक्री के लिए आने वाले माल की ढेरियों, वाहनों से पूरे मंडी परिसर में जाम रहता है।
वहीं भुसावर में आखातीज पर होने वाली शादियों के कारण भुसावर के मुख्य मार्गों पर जाम के हालात रहे जिससे राहगीरों सहित छोटे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कस्बा भुसावर सहित आस पास के ग्रामीण अंचल में आखातीज पर शादियों में आए वाहनो की लंबी कतार लग गई। ज्ञात है की कस्बा भुसावर में होकर निकल रहे स्टेट मेगा हाईवे पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की हालत पैदा हो रहे हैं जिन्हें प्रशासन द्वारा नजरअंदाज किया जा रहा है।
परेशानी
नफरी की कमी और यातायात पुलिसकर्मियों को दूसरे कार्यों में लगा देने से आए दिन बनती है जाम की स्थिति
बयाना के बाजार में खरीददारों की वजह से बनी जाम की स्थिति।