दुकान के ताले तोड़ 171 मोबाइल और कम्प्यूटर सहित 7 लाख का सामान चोरी
पंचायत समिति तिराहे पर मोबाइल की दुकान पर एक घंटे में दिया वारदात को अंजाम
भास्कर संवाददाता | बयाना
पंचायत समिति मुख्य तिराहे पर बीती रात चोर भगवती मोबाइल पाॅइंट दुकान के ताले तोड़कर 171 मोबाइल, कम्प्यूटर व एसेसरीज सहित सात लाख का माल पार कर ले गए। दुकान में चोरी करते हुए दो चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। चोरों की आयु 18 से 20 वर्ष के मध्य है।
सूचना पर सीओ हिमांशु शर्मा सहित कोतवाली पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। दोपहर में एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर आकर फिंगर प्रिंट सहित कई साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी की वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी देखी। दुकानदार भगवती कॉलोनी निवासी हरीशंकर शर्मा ने बताया कि सोमवार रात को वह अपनी दुकान बंद करके गया। सुबह करीब 5 बजे दुकान के आगे फलों का ठेका लगाने वाले अनूप चौधरी ने दुकानदार को फोन कर दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी। दुकानदार ने बताया कि चोरों ने ताले तोडकर शटर को खोल लिया तथा दुकान में रखे 144 की-पैड मोबाइल, 27 एंड्राइड मोबाइल, एक एलईडी कम्प्यूटर, सीपीयू, मेमोरी कार्ड व मोबाइल एसेसरीज सहित सात लाख का माल पार कर ले गए। एक घंटे में ही दिया वारदात को अंजाम : पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उसने दस साल मेहनत कर दुकान में सामान जमा किया था लेकिन चोर एक घंटे के दौरान ही सारा सामान समेट कर ले गए। इससे उसकी दस साल की मेहनत पर पानी फिर गया। लोग मुख्य तिराहे पर हुई इस घटना से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए दुकान का ताला तोडऩे के बाद बड़े ही इत्मिनान से एक घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लोगों का कहना था कि घटना के वक्त गश्त डयूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की वारदात
बयाना. मोबाइल दुकान में चोरी करता आरोपी युवक।
पहले भी हो चुकी हैं दुकानों में चोरी की घटनाएं
कस्बे में पूर्व में चोरी की घटनाएं हो चुकी है। इनमें पंचायत समिति तिराहे पर ही गत दिनों एक ज्यूस सेंटर की दुकान से चोर इन्वर्टर सहित बीडी-सिगरेट, गुटखे के बंडलों सहित कुछ नकदी को पार कर ले गए थे। इससे पहले मीराना तिराहा स्थित गणेशम् इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान की शटर तोड़कर लाखों के एलईडी टीवी पार कर ले गए थे।