आज से सुचारू हो जाएगी डीग, जुरहरा कामां और पहाड़ी की बिजली आपूर्ति
जिले में 11 अप्रैल की शाम आए तूफान के बाद ठप हुई डीग, कामां, पहाड़ी व जुरहरा उपखंडों की बिजली आपूर्ति बुधवार को सुचारू हो जाएगी। तूफान में क्षतिग्रस्त डीग क्षेत्र के 132 केवी लाइन के दोनों टावर मरम्मत के बाद खड़े कर दिए गए हैं। प्रसारण निगम की टीम की ओर से बुधवार को इन टावरों पर लाइन खींच दी जाएगी, उसके बाद इन क्षेत्रों की बिजली सुचारू कर दी जाएगी। डिस्कॉम के एसई दीपक गुप्ता ने बताया हालांकि इन क्षेत्रों में आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बिजली आपूर्ति की जा रही थी, ताकि इन क्षेत्रों की जलापूर्ति प्रभावित नहीं हो। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों जहां बिजली के पोल एवं लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां युद्ध स्तर पर दुरुस्तगी का कार्य जारी है। इधर शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए बीईएसएल की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। बीईएसएल के अधिकारी जयंत राय ने बताया हालांकि शहर में सभी फीडर क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुचारू है। लेकिन क्षतिग्रस्त बिजली खंभों को बदलने के दौरान उस विशेष क्षेत्र की बिजली आपूर्ति घंटे-डेढ़ घंटे के लिए प्रभावित अवश्य होती है।