गुर्जर महापंचायत के लिए बुलाई 5 कम्पनियां लौटीं
भरतपुर| गुर्जर महापंचायत के लिए बुलाई गई 5 कम्पनियां बुधवार को वापस हो गईं, वहीं दूसरी ओर रेलवे की 3 कम्पनी अभी रुकी हुई हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि 21 मई व 23 मई की पुन: महापंचायत के लिए जरूरत होने पर फिर फोर्स बुला ली जाएगी। गुर्जर समाज की ओर से बयाना क्षेत्र के गांव अड्डा व मोरोली में मंगलवार को आरक्षण महापंचायत बुलाई गई थी। दोनों ही महापंचायतों के आयोजकों ने नई तिथियां घोषित कर दी हैं, जो 21 व 23 मई को होंगी। आईजी आलोक वशिष्ठ का कहना है कि जितनी कम्पनियां बुलाई गई थीं, वह सभी वापस भेज दी हैं। आगे महापंचायत होने पर फिर से आ जाएंगी। गौरतलब है कि गुर्जर महापंचायत के आयोजन को लेकर समाज में चल रहे संशय को देखते प्रशासन पहले से ही चौकन्ना है। गत दिन भी हुई महापंचायत के दौरान पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल एहतियात के तौर पर तैनात किया गया जिससे किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटा जा सके। अब जरूरत पड़ने पर इन कंपनियों को दुबारा बुलाया जाएगा।