बयाना | अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा की बैठक देवनारायण मंदिर परिसर में जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश छाबड़ी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 23 मई को आरक्षण आंदोलन की बरसी पर कारबारी शहीद स्मारक स्थल पर होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की ।
वक्ताओं ने कार्यक्रम के तहत एक दिन पूर्व 22 मई को शाम 6 बजे स्मारक स्थल पर संगठन के युवाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। वहीं 23 मई को सुबह 8 बजे गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं की ओर से हवन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से आंदोलन के दौरान मारे गए मृतकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से भी कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला की मौजूदगी में इसी दिन श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। गत 15 मई की गुर्जर महापंचायत में कर्नल बैंसला ने समाज के लोगों से कारबारी स्मारक स्थल पर पहुंचने का आव्हान किया था। बाद में संघर्ष समिति व सरकार के बीच समझौता हो गया था।