बयाना। कस्बे के वेयर हाउस रोड स्थित जानकीपुरम कॉलोनी के आम रास्ते में समर्थन मूल्य पर फसल खरीद केन्द्र बनाए जाने से आवागमन में हो रही असुविधा पर कोई सुनवाई नहीं होने पर अब कॉलोनी के लोगों ने कानून का सहारा लिया है। समस्या का समाधान नहीं होने पर अब कॉलोनी के लोगों ने अधिवक्ता के जरिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 133 के तहत क्रय विक्रय सहकारी समिति व्यवस्थापक व कृषि उपज मंडी के सचिव के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में पब्लिक न्यूसेंस फैलाने का परिवाद दायर किया है। परिवाद पर सुनवाई के बाद एसडीएम ने व्यवस्थापक व सचिव को नोटिस जारी कर तलब किया है। कॉलोनी निवासियों की ओर से रामलाल खत्री ने अधिवक्ता विकास गोयल के जरिए दर्ज कराए परिवाद में बताया है कि कॉलोनी की आम सड़क पर क्रय विक्रय सहकारी समिति की ओर से समर्थन मूल्य पर फसल खरीद के लिए कांटे आदि लगाकर तुलाई की जा रही है। केन्द्र पर फसल लेकर आने वाले वाहनों से कॉलोनी के सभी रास्तों पर सुबह से लेकर देर शाम तक जाम की स्थिति रहती है। हालत ये है कि वाहनों के घरों के आगे खड़े रहने से लोगों का पैदल आवागमन भी दूभर हो गया है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बन रही है। समस्या को लेकर पूर्व में भी अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवाद में संबंधित पक्षों को आदेश देकर आम रास्ते में हो रहे वाहनों के जमावड़े व फसलों की तुलाई से हो रहे लोक न्यूसेंस को बंद कराए जाने की मांग की है। गौरतलब ह कि समस्या को लेकर पूर्व में स्थानीय पार्षद सुनीता गुप्ता ने भी प्रशासन काे ज्ञापन देकर समाधान कराने की मांग की थी।