- Hindi News
- National
- पीडब्लूडी ने किए टेंडर, बयाना रुदावल मार्ग के लाल दरवाजा फाटक पर बनेगा आरओबी
पीडब्लूडी ने किए टेंडर, बयाना-रुदावल मार्ग के लाल दरवाजा फाटक पर बनेगा आरओबी
कस्बे के ब्रह्मबाद रुदावल रोड स्थित लाल दरवाजा रेलवे फाटक से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे के इस फाटक संख्या 219 पर अगले सप्ताह से पहले फेज के रुप में सार्वजनिक निर्माण की ओर से आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। आरओबी बनने से वाहन चालकों को फाटक बंद होने के दौरान काफी देर तक खड़े रहने व फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी। गौरतलब है कि करीब तीन साल पूर्व राज्य सरकार ने अपने बजट में कस्बे के बयाना-रुदावल रोड स्थित लाल दरवाजा फाटक तथा बयाना-हिण्डौन रोड स्थित डुमरिया फाटक पर आरओबी बनाए जाने की घोषणा की थी। फिलहाल लाल दरवाजा स्थित फाटक संख्या 219 पर आरओबी बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस आरओबी की लागत करीब 45 करोड़ रुपए व लंबाई करीब 400 मीटर होगी। जिसमें से सड़क मार्ग पर राज्य सरकार की ओर से पीडब्लूडी निर्माण करेगी वहीं ट्रेक के ऊपर के हिस्से पर रेलवे निर्माण कार्य कराएगा।
फाटक पर आरओबी बनने से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। स्टेट हाइवे संख्या 45 के इस फाटक से रुदावल, रुपवास सहित बाड़ी, धौलपुर के लिए वाहनों का आवागमन बना रहता है। स्टेट हाइवे के कारण यातायात का दबाव रहता है वहीं दिल्ली-मुंबई मैन लाइन होने से भी इस ट्रेक पर ट्रेनों का भी बड़ी संख्या में आवागमन होता है। कई बार स्थिति ये हो जाती है कि थोड़े-थोड़े समय के अंतराल में एक साथ चार-चार ट्रेनें गुजरती हैं। इससे फाटक 30 से 45 मिनट तक बंद रखना पड़ता है। इससे रोजाना फाटक पर दो-तीन बार तो जाम के हालात बन ही जाते हैं।
बयाना. रुदावल रोड स्थित फाटक जहां आरओबी बनेगा।