क्षतिग्रस्त पेयजल टंकी को क्रेन से गिराने पर जताया रोष
नगर. क्षतिग्रस्त पेयजल टंकी को क्रेन से गिराने पर रोष जताते पूर्व पालिकाध्यक्ष।
नगर। जलदाय विभाग की ओर से कस्बे के बापू बाजार के पास क्षतिग्रस्त पेयजल टंकी को क्रेन से गिराने पर दुकानदारों ने रोष जताया है। जलदाय विभाग की ओर से बापू बाजार के पास गत वर्षों से क्षतिग्रस्त हाल में मौजूद डेढ़ लाख लीटर जलभराव क्षमता की पेयजल टंकी (एसआर) को गिराने के लिए तीन लाख रुपए में टेंडर किए गए थे। जिस पर ठेकेदार की ओर से उक्त पेयजल टंकी को क्रेन से गिराने के दौरान सब्जी मण्डी व बापू बाजार के दुकानदार एकत्रित होकर तहसील कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने क्रेन से टंकी को गिराने पर विरोध जताया। दुकानदारों का कहना है कि ठेकेदार की ओर से क्षतिग्रस्त टंकी को गिराने के दौरान आमजन की सुरक्षा के मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। ऐसे में पेयजल टंकी गिराने के दौरान लोहे की चैन टूट चुकी है। साथ ही टंकी के एक साथ गिरने से गंभीर हादसा होने की आशंका है। बाद में दुकानदारों के बढ़ते विरोध पर क्रेन से टंकी को गिराने का काम बंद कर दिया गया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष रमनलाल सैनी, पार्षद शिवचरण कोली, पूर्व पार्षद रमन खण्डेलवाल, बबलू सिंधी, अशोक फतेहपुरिया आदि मौजूद थे।
संबंधित ठेकेदार को बापू बाजार के पास क्षतिग्रस्त पेयजल टंकी (एसआर) को गिराने में अामजन की सुरक्षा को ध्यान में कार्य करने को पाबंद किया गया है।
कैलाश चन्द सैनी, सहायक अभियंता