बयाना नपा अध्यक्ष का उपचुनाव 20 को, फिर हुई पार्षदों की बाड़ेबंदी
बयाना | नगरपालिका के चेयरमैन पद के लिए आगामी २० अप्रैल को होने जा रहे उपचुनाव को लेकर पालिका की सियासत फिर से गर्माने लगी है। पूर्व पालिकाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों के असंतुष्ट खेमे का पलड़ा भारी है। बयाना नगरपालिका का अध्यक्ष पद एससी सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं उपचुनाव को लेकर अब नगरपालिका की राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी माने जाने वाले पूर्व पालिकाध्यक्ष विनोद कुमार बट्टा भी तस्वीर में सामने आने लगे हैं। उपचुनाव के लिए पार्षदों की बाड़ेबंदी भी शुरु हो गई है। करीब नौ पार्षदों को बाड़ेबंदी कर प्रदेश की राजधानी जयपुर ले जाया गया है। मंगलवार तक कुछ और पार्षदों के जयपुर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद इन सभी को अज्ञात स्थान पर ले जाएगा तथा चुनाव की तिथि २० अप्रैल को ही वापस लाया जाएगा। गौरतलब है कि गत दो फरवरी को बजट बैठक के बहिष्कार के बाद शुरु हुई सियासत तेज हो गई थी तथा असंतुष्ट खेमे के 21 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर गत 14 मार्च को पालिकाध्यक्ष मीना जाटव को पद से हटवा दिया था। इसके बाद से ही उपचुनाव की कवायद शुरु हो गई। हालांकि अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद असंतुष्ट खेमे के पार्षदों में मतभेद पनप गया और असंतुष्ट खेमे के पार्षद गुटों में बंटे नजर आने लगे थे।