पांच लाख का डोडा पोस्त जब्त, तस्कर फरार
ब्यावर|सदर थाना पुलिस ने पीपलाज टोल नाके पर कार्रवाई करते हुए करीब पांच लाख कीमत का डोडा पोस्त पकड़ा। हालांकि पुलिस विभाग के ढीले रवैए के कारण तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप व एक एक्सयूवी कार भी जब्त की है। पुलिस का दावा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर डोडा तस्कर फरार हो गए। सदर थाना अधिकारी सहदेव सिंह ने बताया की उन्हें मुखबिर के जरिये सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप मे डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी ने सब इंस्पेक्टर सहदेव सिंह व एएसआई इंदरसिंह व कांस्टेबल राजा राम को टोल नाके पर नाकाबंदी के निर्देश दिए। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप सामने से आती दिखाई दी जिसको पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन बोलेरो चालक ने जीप की गति तेज कर दी और मौके से भाग गए । पिकअप के साथ एक एक्सयूवी कार भी पिकअप जीप का एस्कॉर्ट कर रही थी। इस दौरान काफी दूर तक पुलिस ने तस्करों का पीछा किया। पुलिस को पीछा करता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप व कार उदयपुर बाइपास के नजदीक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने काफी देर तक आस पास के क्षेत्र मे तस्करों की तलाश की लेकिन तस्करों का कोई पता नहीं चला। पुलिस बोलेरो पिकअप व कार को जब्त कर सदर थाने ले आई। थाना अधिकारी सहदेवसिंह चौधरी ने बताया की उक्त डोडा पोस्त कोटा से जाेधपुर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कार्यशैली पर सवाल: पुलिस का खुद कहना है कि उन्हें मुखबिर से इत्तला मिल गई। पुलिस ने टोल नाके समीप नाकाबंदी भी कर दी। टोल नाके पर वाहनों का जमावड़ा रहता है। अगर पुलिस ने टोल नाके पर नाकाबंदी की तो ऐसे में पुलिस को चकमा देकर तस्करों का फरार होना गले नहीं उतर रहा। हालांकि पुलिस का दावा है कि उन्होंने मामला दर्ज कर जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।