ब्यावर|शहर की यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारू करने के मकसद से नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की लाख कोशिशों बाद व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। कई बार विशेष अभियान तो कई बार औचक कार्रवाई के बाद भी शहर के नो-वेंडिंग जोन तक अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो सके हैं। नगर परिषद प्रशासन तथा यातायात पुलिस की ओर से प्रयास भी किए जाते हैं लेकिन थोड़ी ही देर बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। इस संबंध में पिछले दिनों उपखंड प्रशासन ने रोडवेज बस स्टैंड से लेकर सिटी सिनेमा तक तक मेगा रोड को नो वेंडिंग जोन घोषित किया था। प्रशासन के आदेशों में मेगा रोड पर किसी भी प्रकार के हाथ ठेले खड़े करने या फिर अस्थाई रूप से टेंट लगाकर फल आदि बेचने के साथ-साथ किसी भी प्रकार का कोई वाहन खड़े करने पर पाबंदी लगाई गई थी लेकिन इसके बावजूद रोड पर हर समय बड़ी संख्या में छोटे-बड़े चौपहिया वाहन खड़े रहते हैं। प्रशासन को चाहिए कि यहां पर खड़े होने वाले हाथ ठेले वालों के खड़े होने के लिए किसी स्थायी स्थान की व्यवस्था कराएं ताकि मेगा रोड को अतिक्रमणमुक्त किया जा सके।