सेवानिवृत रोडवेज कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
ब्यावर. विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य प्रबंधक से वार्ता करते कर्मचारी।
भास्कर न्यूज| ब्यावर
राजस्थान रोडवेज सेवानिवृत कर्मचारियों कल्याण समिति की मंगलवार को टीकम चंद गोयल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। केन्द्रीय बस स्टैंड पर आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में रोडवेज के सेवानिवृत कर्मचारियों ने भाग लिया। सचिव विजयसिंह राठौड़ ने बताया कि हर माह की 15 तारीख को आयोजित मासिक बैठक का मंगलवार को आयोजन किया गया। बैठक में रोडवेज मुख्यालय की ओर से सेवानिवृत हुए कर्मचारियों के बकाया परिलाभों का भुगतान नहीं किए जाने पर आक्रोश जताया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे टीसी गोयल ने बताया कि 2014 से सेवानिवृत हुए कर्मचारियों को अब तक बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता, बोनस, ग्रेच्युटी अवकाशों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिस कारण कर्मचारियों को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि जनवरी 1999 से कर्मचारियों के डीए का भुगतान बाकी है, लेकिन सरकार हठधर्मिता अपनाए हुए है। बैठक के दौरान उपस्थित सभी ने एक स्वर में सरकार से शीघ्र ही कर्मचारियों के हित लाभों का भुगतान करने की मांग करते हुए इसके अभाव में आंदोलन को तीव्र करने की चेतावनी दी है।
बैठक के बाद उपस्थित सभी कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य प्रबंधक रघुराज सिंह राजावत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में बीके शर्मा, विजयसिंह, बाबू चीता, अमरचंद जांगिड़, सवाईसिंह, संपत राज जांगिड़, अमरचंद सोलंकी, जगदीश सेन आदि सेवानिवृत कर्मचारी उपस्थित थे।