20 घंटे बाद हो सका मृतका का पोस्टमार्टम
ब्यावर| मसूदा थाना क्षेत्र के नाका का बाडिया निवासी महिला रुखसाना की राजकीय अस्पताल में उपचार के दौरान तबीयत बिगड़ने और ब्यावर लाने के दौरान रास्ते में मौत होने के मामले को लेकर मंगलवार को परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। परिजन अपनी मांग को लेकर सीओ ब्यावर सीएस सोढ़ा से मिले और डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग उठाई। डिप्टी सोढ़ा ने नियमानुसार कार्रवाई करने और जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। डिप्टी से मिलने वालों में परिजनों के साथ ही युवा कांग्रेस नेता मनोज चौहान और पार्षद दीपसिंह काठात शामिल थे। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। मेडिकल बोर्ड में मेडिकल ज्यूरिष्ठ डॉ. अलोक श्रीवास्तव, गायनिक डॉक्टर विधा सक्सेना, मेडिसिन में डॉ. प्रमोद सक्सेना और सर्जरी में डॉ. पुखराज चौधरी शामिल थे।