डिस्कॉम इंजीनियरों ने किया निरीक्षण
अजमेर डिस्कॉम के ब्यावर डिवीजन में कॉलेज रोड स्थित लौहारान बस्ती में प्रस्तावित जीएसएस तक अंडरग्राउंड केबलिंग कर बिजली पहुंचाई जाएगी। निगम की ओर से पहली बार किसी जीएसएस तक अंडरग्राउंड केबलिंग के जरिए बिजली पहुंचाई जाएगी।
छावनी पावर हाउस से प्रस्तावित जीएसएस तक ओवर लाइनों के लिए उपयुक्त व जरूरत के मुताबिक स्थान नहीं होने के चलते अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी। अंडर ग्राउंड केबलिंग को लेकर निगम की ओर से सर्वे कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। निगम की ओर से आने वाले कुछ दिनों में अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता दिनेश सिंह व कनिष्ठ अभियंता आशीष खंडेलवाल ने बुधवार को अंडरग्राउंड केबलिंग के लिए प्रस्तावित जीएसएस के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। शहरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे विद्युत दबाव को देखते हुए निगम की ओर से नए जीएसएस विकसित करने का निर्णय लिया गया था। लौहारान बस्ती के समीप प्रस्तावित जीएसएस के निर्माण के बाद सूरजपोल गेट फीडर, मेवाड़ी गेट फीडर, मसूदा रोड सहित अन्य फीडर से विद्युत भार कम होगा। जिसके बाद शहरी उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधाएं मिलेंगी।
मौजूदा विद्युत तंत्र में लगातार बढ़ते विद्युत भार के कारण उपभोक्ताओं को आए दिन ट्रिपिंग व कम वोल्टेज की समस्या से दो-चार होना पड़ता है। विद्युत वितरण निगम की ओर से छावनी पावर हाउस से लौहारान बस्ती तक लगभग तीन किलोमीटर की अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी।
पूरा हुआ सर्वे
जल्द शुरू होगा अंडरग्राउंड केबल डालने का काम
अंडरग्राउंड केबलिंग के लिए आई केबल की जांच करते अधिशाषी अभियंता।