ट्रॉली का टायर फटने से ट्रेलर पलटा
नसीराबाद। स्थानीय सिटी थाने के पास ब्यावर मार्ग पर एक ट्रेलर मोड़ पर टायर फटने से साइड से गुजर रहे ट्रेलर पर पलट गया। जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक भंवरलाल ट्रेलर में लदे कंटेनर बॉक्स में कोटा स्टोन के पत्थर भरकर ले जा रहा था। सिटी थाने के सामने स्थित विकट मोड़ पर जैसे ही चालक भंवरलाल ने ट्रेलर को मोड़ा, ट्रेलर की ट्राॅली का पीछे का टायर फट गया और ट्रेलर पलटने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रेलर के साइड में आने से पलटने वाले ट्रेलर का कंटेनर बॉक्स दूसरे ट्रेलर के कंटेनर बॉक्स पर जाकर टिक गया और पलटने वाले ट्रेलर के एक तरफ के टायर हवा में हो गए। थाने के बाहर हुई इस दुर्घटना के बाद सिटी थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और यातायात व्यवस्थित किया। इसके बाद क्रेनों की सहायता से पुलिस ने ट्रेलर को सही करवाया। दोनों ट्रेलर एक ही कंपनी के बताए जा रहे हैं।