ब्यावर। शहर के ट्रैफिक पुलिस प्रभारी हरी राठी का शुक्रवार को कथित रूप से अवैध वसूली करने का वीडियो वायरल होने से पुलिस विभाग सकते में आ गया। वीडियो वायरल होने पर सिटी थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने ट्रैफिक प्रभारी को तुरंत थाने में तलब कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में ट्रैफिक प्रभारी द्वारा एक ट्रैक्टर की रसीद काटे जाने की बात सामने आई है लेकिन उक्त मामले में थाना प्रभारी दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रहे हैं। सिटी थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि ट्रेफिक प्रभारी द्वारा उक्त समय और स्थान पर एक वाहन की 200 रुपए की रसीद काटी गई है। लेकिन फिर भी पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है अगर किसी प्रकार की गडबड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार विभागीय जांच की जाएगी।