केंद्र सरकार के निर्देश पर कई व्यापारियों द्वारा कैश लेस भुगतान के लिए पीओ एस मशीन के लिए आवेदन किया गया। इस पीओ एस मशीन के उपयोग पर व्यापारियों के खाते से प्रतिमाह एक निश्चित राशि भी काटी जा रही है।
लेकिन शहर के एक व्यापारी को सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा बिना पीओ एस मशीन दिए ही बैंक खाते से रकम काट ली गई। बार-बार तकाजा करने के बाद भी ना तो बैंक प्रबंधन द्वारा व्यापारी को कोई संतोषप्रद जवाब दिया जा रहा है और ना ही सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा कोई जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। आखिर परेशान होकर व्यापारी ने शुक्रवार को थाने में शिकायत दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार पाली बाजार स्थित इंडिया रेडियोग्राम के संचालक राम पंजाबी ने शुक्रवार को सिटी थाने में शिकायत देकर बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा बिना पीओएस मशीन लगाए उनके बैंक अकाउंट से 560 रुपए काट रहा है। उन्होंने बताया कि हालांकि उन्होंने पीओएस मशीन के लिए आवेदन किया था लेकिन सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा बिना पीओ एस मशीन लगाए उनके अकाउंट से पांच माह में 560 रुपए काटे जा रहे हैं।
राम पंजाबी का आरोप है कि सेवा प्रदाता कंपनी वर्ल्ड लाइन द्वारा बिना पीओ एस मशीन की सेवाएं उपलब्ध करवाए ही बैंक को गलत स्टेटमेंट दिया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत दी है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।