कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत
ब्यावर|जवाजा थाना क्षेत्र के सारोठ चौराहे पर शनिवार रात हुई दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल में पहुंचाया। जहां जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरे की स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर रैफर कर दिया गया। लेकिन अजमेर पहुंचने से पहले रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। जिसे वापस एकेएच की मोर्चरी में रखवाया गया। रविवार को सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार सारोठ के समीप शनिवार रात एक कार की चपेट में आने के कारण बाइक पर सवार ब्यावर कुमावत कॉलोनी निवासी कर और बादल गंभीर रूप से घायल हो गए। जवाजा पुलिस ने दोनों को अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद करण को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बादल की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया गया।