- Hindi News
- National
- अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं, योजना में किए गए आवेदन की प्रगति अपने मोबाइल से जान सकेंगे लोग
अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं, योजना में किए गए आवेदन की प्रगति अपने मोबाइल से जान सकेंगे लोग
सरकारी विभागों में चलाई जा रही योजनाओं में किए गए आवेदनों की प्रगति लेने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ना ही कोई बाबू या अफसर आवेदनकर्ता को बिना कोई जानकारी दिए चलता कर सकेगा। राज्य सरकार ने इसके लिए कदम उठाकर लोगों को सहुलियत दे दी है। अब वह घर बैठे-बैठे सरकारी योजना में किए गए आवेदन की प्रगति अपने मोबाइल से ही जान सकेंगे। इसके लिए सरकार ने ‘एप्प स्टेटस राजस्थान‘ नाम से एक मोबाइल एप्लीकेशन संचालित की है। इस मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए व्यक्ति की ओर से सरकारी विभागों में योजनाओं व अन्य सुविधाओं के लिए किए गए आवेदन का क्रमांक व विभाग की जानकारी दर्ज कर आवेदन की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकता है। राजस्थान सरकार की ओर से लांच की गई इस मोबाइल एप्प को कोई भी व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर पर जाकर अपने मोबाइल में डाउनलोड कर किसी भी वक्त, कहीं भी अपनी की ओर से किए गए आवेदन की स्थिति को जान सकता है। राजस्थान सरकार की ओर से यह मोबाइल एप्लीकेशन प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक सहूलियत प्रदान करने व उनके आवेदन की वास्तविक स्थित घर बैठे पता करने के उद्देश्य से लांच की गई है। उक्त मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग करने के से आवेदनकर्ता को बार बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उक्त मोबाइल एप्लीकेशन को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर इसका फायदा उठा सकते हैं।
कई विभागों को किया गया है समावेश
राजस्थान सरकार की ओर से जारी की गई इस मोबाइल एप्लीकेशन में सरकार के विभिन्न विभागों का समावेश किया गया है। इनमें ई-मित्र, लेबर डिपार्टमेंट, राजस्थान संपर्क, आरटीआई अपील, आरटीआई एप्लीकेशन, ई-बाजार, सामाजिक कल्याण व रोजगार कार्यालय, उद्योग सहित कई अन्य विभाग शामिल हैं। किसी भी व्यक्ति ने अगर मोबाइल एप्लीकेशन में शामिल किसी विभाग की किसी योजना व सुविधा के लिए आवेदन किया है तो वह इस एप्लीकेशन का फायदा उठा सकता है।
इस्तेमाल करने में सहज व सुविधाजनक
राजस्थान सरकार की ओर से आमजन को सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए लांच की गई मोबाइल एप्लीकेशन को इस्तेमाल करना काफी आसान है। कोई भी व्यक्ति ‘एप्प स्टेटस राजस्थान‘ मोबाइल एप्लीकेशन को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड कर सकता है। इसके बाद उसे आवेदन करते वक्त विभाग की ओर से दिए गए आवेदन संख्या व संबंधित विभाग को सलेक्ट करना होगा। इसके बाद मोबाइल एप्लीकेशन पर दर्ज किए गए आवेदन संख्या की वास्तविक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध हो जाएगी। इसके साथ ही अगर किसी कारणवश आवेदन निरस्त हो गया है तो उसका कारण भी एप्लीकेशन में जानकारी दी जाएगी।
आधी-अधूरी जानकारी उपलब्ध नहीं करा सकेंगे
‘एप्प स्टेटस राजस्थान‘ मोबाइल एप्लीकेशन को अपने मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद व्यक्ति को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आमतौर पर देखा जाता है कि आवेदन कर्ता की ओर से सरकारी दफ्तर में जाकर अपनी ओर से किए गए आवेदन के बारे में जानकारी मांगने पर उसे वास्तविक स्थिति ना बताकर गलत या आधी-अधूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। जिसके चलते आवेदनकर्ता को असुविधा का सामना करना पड़ता है। आमजन की इसी परेशान को दूर करने के लिए सरकार की ओर से मोबाइल एप्लीकेशन लांच की गई है।