आज से रानीखेत का ब्यावर में ठहराव
ब्यावर|जैसलमेर काठगोदाम के मध्य चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव सोमवार से ब्यावर रेलवे स्टेशन पर होगा। सोमवार सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर रानीखेत ट्रेन पहली बार ब्यावर रेलवे स्टेशन पर विधिवत रूप से रुकेगी। राजसमंद सांसद हरिओम सिंह राठौड़ ने बताया कि सोमवार से रानीखेत का ठहराव ब्यावर में शुरू होने जा रहा है। सोमवार को ब्यावर रेलवे स्टेशन पर रानीखेत एक्सप्रेस के ठहराव पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद हरिओम सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि होंगे और विधायक शंकर सिंह रावत विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष जयकिशन बल्दुआ, दिनेश कटारिया, सभापति बबीता चौहान, उपसभापति सुनील मुंदडा, रिखब चंद खटोड़, समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। शहर के सामाजिक संगठन जनजागरण मंच और श्रमिक संगठन भारतीय ग्रामीण खेतीहर मकाम मजदूर संघ जवाजा एवं अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार रानीखेत के ठहराव को लेकर धरना एवं प्रदर्शन किया गया। सोमवार को ब्यावर में रानीखेत के आगमन पर मजदूर संघ की महिला पदाधिकारी द्वारा ट्रेन के इंजन पर तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और पायलट तथा सहायक पायलट का स्वागत किया जाएगा।
चाक चौबंद रहेगी व्यवस्था
सोमवार से ब्यावर में रानीखेत के विधिवत ठहराव के दौरान लोगों की भीड़ आने संभावना को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ द्वारा सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है।