ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को 30 मई तक कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश
ब्यावर| जयपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए 30 मई तक का समय दिया गया है। प्रवक्ता घनश्याम वर्मा ने बताया कि एआईसीसी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जयपुर के ज्ञानविहार यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में प्रदेश के 400 नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। जहां ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा को 30 मई तक ब्लॉक कांग्रेस की नई कार्यकारिणी व 20 जून तक बूथ स्तर की इकाइयों के गठन करने के निर्देश प्राप्त हुए है। ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि इसके अतिरिक्त जनहित के मुद्दों को उठाने के साथ ही उनके निवारण को लेकर नई टीम का गठन किया जाएगा। जहां भाजपा शासन की नाकामियों के कारण रोजमर्रा जीवन में आ रही समस्याओं से जूझ रहे आमजन के मुद्दों पर फीडबैक लेकर सड़कों पर जल्द ही उतरा जाएगा। शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में सरकारी विभागों की लापरवाही के कारण समस्याओं से जूझ रही जनता को राहत दिलाने के लिए इसी सप्ताह से वरिष्ठ कांग्रेसियों के शिष्टमंडल की अगुवाई में जलदाय विभाग, बिजली विभाग, चिकित्सा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग व नगर परिषद के आला अधिकारियों से मिलकर विरोध दर्ज करवाया जाएगा।