पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हादसे का सबब बन रही टंकी को ध्वस्त करने की नहीं मिली मंजूरी

हादसे का सबब बन रही टंकी को ध्वस्त करने की नहीं मिली मंजूरी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ब्यावर| उदयपुर रोड कृषि मंडी परिसर में स्थित पानी की टंकी जर्जर अवस्था में होने के चलते किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है। जर्जर अवस्था में ख़ड़ी यह पानी टंकी अब अधिकारियों के लिए परेशानी बनी हुई है। कृषि मंडी प्रशासन की ओर से लगभग छह माह पूर्व परिसर में स्थित पानी की टंकी को ध्वस्त कर उसके स्थान पर नई टंकी बनाए जाने को लेकर मंजूरी के लिए पत्र लिखा गया है। परंतु पत्र लिखे जाने के छह माह बाद भी अब तक मुख्यालय की ओर से पानी की टंकी को गिराने को लेकर मंजूरी प्राप्त नहीं हुई है। परिसर में स्थित पानी की टंकी की हालत इतनी खस्ता है कि गत दिनों प्रदेश में आए आंधी-तूफान के वक्त टंकी के गिरने का हर वक्त अंदेशा बना रहा। पानी की टंकी पर बनी सीढ़ियां भी जर्जर होकर पूरी तरह से टूट चुकी है। जिसके चलते टंकी पर चढ़ना असंभव है। मंडी प्रशासन को मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही टंकी को गिराकर उसके स्थान पर नई टंकी का निर्माण किया जाएगा।

तीस वर्ष पूर्व हुआ था टंकी का निर्माण

मंडी के अधिकारियों के मुताबिक लगभग 30 वर्ष पूर्व मंडी परिसर में स्थित क्वार्टर व अन्य भवनों में पानी की सप्लाई के लिए उक्त टंकी का निर्माण करवाया गया था। परंतु नियमित तौर पर टंकी की सार-संभाल नहीं होने के कारण अब पानी की टंकी हालत काफी खस्ता हो चुकी है। इसी कारण अब इस टंकी की मरम्मत भी संभव नहीं होने के कारण मंडी प्रशासन की ओर से इसे ध्वस्त कराए जाने की स्वीकृति मांगी गई है।

कृषि मंडी परिसर में स्थित जर्जर अवस्था में पानी की टंकी।

नहीं हो पा रही टंकी की सफाई

मंडी प्रशासन के मुताबिक टंकी पर चढ़ने के लिए बनी हुई सीढ़ियां अब पूरी तरह से टूट चुकी हैं। जिसके चलते अब उस टंकी पर चढ़ना संभव नहीं है। इसी कारण गत कई सालों से टंकी की साफ-सफाई तक नहीं हो पाई है। जिसके चलते मंडी परिसर में स्थित पानी की टंकी से क्वार्टर व अन्य भवनों में सप्लाई होने वाला पानी दूषित होने की संभावना बनी हुई है।

मंडी परिसर में स्थित पानी की टंकी जर्जर हो चुकी है। पानी की टंकी की स्थिति को देखते हुए मंडी प्रशासन की ओर से छह माह पूर्व पानी की टंकी को गिराकर उसके स्थान पर नई टंकी बनाए जाने के लिए मुख्यालय से स्वीकृति मांगी गई थी। परंतु अब तक मंडी प्रशासन को स्वीकृति प्राप्त नहीं हो पाई है। -महेश शर्मा, सचिव, कृषि मंडी, ब्यावर

खबरें और भी हैं...