कई सालों से बदतर हालत में पड़े अजगर बाबा लिंक रोड के हालत जल्द ही सुधरेंगे। मुख्यालय की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद आने वाले कुछ दिनों में पीडब्लूडी की ओर से लगभग 14 लाख रुपए की लागत से मार्ग के निर्माण का कार्य शुुरू किया जाएगा। इसके बाद शहरवासियों को क्षतिग्रस्त मार्ग से छुटकारा मिलेगा।
अजगर बाबा लिंक रोड पिछले लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण असुविधा की वजह बना हुआ है। लिंक रोड की हालत पिछले लंबे समय से काफी खराब है जिसके चलते वहां गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ ही क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मार्ग पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। जिसके चलते मार्ग से गुजरना काफी असुविधा पूर्ण हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मार्ग के हालात गत लंबे समय से काफी खस्ता हैं। यह मार्ग सेंदड़ा रोड को उदयपुर रोड से जोड़ता है इस कारण इसका महत्व अधिक है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण चौपहिया वाहन चालक भी परेशान होते हैं। मार्ग पर से दिनभर में हजारों वाहन चालक गुजरते हैं जो मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते सालों से परेशान हैं।
क्षतिग्रस्त अजगर बाबा लिंक रोड
पीडब्लूडी ने भिजवाया था प्रस्ताव
सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को दुरुस्त करने के लिए कुछ समय पूर्व प्रस्ताव भेजा गया था। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद मार्ग का सर्वे कर सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को दुरुस्त कराए जाने को लेकर प्रस्ताव बनवाकर मुख्यालय भिजवाया गया है। मुख्यालय की ओर से प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने के बाद अब सानिवि की ओर से जल्द ही मार्ग को दुरुस्त करने की कवायद शुरु की जाएगी।
उड़ती धूल से वाहन चालक परेशान
क्षेत्रवासियों ने बताया की मार्ग पर जगह-जगह हो रखे गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। मार्ग पर हो रखे गड्ढों की वजह से दुपहिया वाहन गुजरने से पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार उड़ता रहता है। जिसके चलते वाहन चालकों व क्षेत्रवासियों को परेशानी होती है।