पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अम्बेडकर की मूर्ति का अनावरण, भवन निर्माण की रखी नींव

अम्बेडकर की मूर्ति का अनावरण, भवन निर्माण की रखी नींव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सुभाष उद्यान स्थित अम्बेडकर पार्क में भारत र| बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण रविवार सुबह हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शंकरसिंह रावत थे जबकि अध्यक्षता सभापति बबीता चौहान ने की। शिक्षाविद् स्वर्गीय सुआ लाल तंवर की स्मृति में भामाशाह गंगादेवी व उनके परिजन की ओर से मूर्ति व स्मारक का निर्माण कराया गया।

मूर्ति अनावरण के बाद विधायक रावत ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर भारत में सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं उन्होंने देश में सभी वर्गों के लिए काम किया। वह किसी वर्ग व जाति के बंधन नहीं रहे। इसी प्रकार सभापति बबीता चौहान ने कहा कि अम्बेडकर ने स्त्री शिक्षा व भेदभाव रहित भारत की स्थापना के विचार को महत्व देते हुए संवैधानिक व्यवस्था की। सभी वक्ताओं ने भामाशाह परिवार की मुखिया गंगादेवी तंवर का माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। भामाशाह परिवार के पार्षद ईश्वर तंवर, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कटारिया, जयकिशन बल्दुआ, उपसभापति सुनील कुमार मूंदड़ा, महामंत्री रिखबचंद खटोड़, रामावतार लाटा, विष्णु शर्मा, सौंदर्यीकरण समिति संयोजक रविन्द्र जॉय, मंगत सिंह मोनू, विनोद खटवा, सीतादेवी तौशिक, निशा डागरा, सोहनलाल मेघवाल, अंगदराम अजमेरा, देवेन्द्र सेन, राधेश्याम प्रजापत, विजेंद्र प्रजापति, नरेंद्र चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

मूर्ति स्थापना प्रस्ताव पर जिला स्तर पर हुआ था मंथन : मालूम हो कि नगर परिषद क्षेत्र में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति लगाने के लिए संभाग स्तरीय मूर्ति स्थापना स्वीकृति समिति ने पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही मंजूरी दी थी। इसके बाद ही वरिष्ठ नगर नियोजक की ओर से भी सुभाष उद्यान स्थित अम्बेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति लगाने पर सहमति जताते हुए मंजूरी की मुहर लगाई गई। भामाशाह पार्षद ईश्वर तंवर ने बताया कि इस संबंध में संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में 23 फरवरी 2018 को संभाग स्तरीय मूर्ति स्थापना स्वीकृति समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप जिला कलेक्टर अजमेर द्वारा संबंधित प्रस्ताव तथा जिला पुलिस अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट व अनापत्ति प्रमाण पत्र के संबंध में सुभाष उद्यान अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने के प्रस्ताव का बिंदुवार परीक्षण किया गया।

जांच के बाद समिति सदस्यों ने प्रस्तावित स्थल के बारे में तकनीकी दृष्टि से कोई आपत्ति नहीं बताई। साथ ही अतिरिक्त मुख्य अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग अजमेर एवं क्षेत्रीय उप निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग अजमेर व वरिष्ठ नगर नियोजक, अजमेर के प्रतिनिधि सहायक नगर नियोजक ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि मूर्ति स्थापना नगर परिषद के क्षेत्राधिकार के अंदर होने से यातायात की दृष्टि से किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। इसके बाद एटीपी से भी इस संबंध में राय मांगी गई। भामाशाह पार्षद ईश्वर तंवर ने बताया कि संभागीय आयुक्त ने इस संबंध में निर्देश दिए थे कि मूर्ति मजबूत होनी चाहिए ताकि मूर्ति को किसी तरह के नुकसान की संभावना नहीं हो तथा मूर्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संयुक्त रूप से नगर परिषद ब्यावर तथा भामाशाह प्रधान पार्षद ईश्वर तंवर की रहेगी। इसको ध्यान में रखते हुए पिछले एक महीने से वे इस काम में जुटे थे। इसके लिए उन्होंने किशनगढ़, जयपुर व प्रदेश के अन्य शहरों में मूर्ति बनाने वालों से संपर्क किया। आखिर में जयपुर जौहरी बाजार से ग्रेनाइट की मूर्ति पर उन्होंने सहमति जताई। पार्षद तंवर ने बताया कि वे भविष्य में जब भी परिषद प्रशासन इस मूर्ति के संबंध में कोई सहयोग मांगेगा तत्पर रहेंगे। इस पर विधायक, सभापति व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भामाशाह पार्षद ईश्वर तंवर को भी सम्मानित किया।

ब्यावर. सुभाष उद्यान में भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति स्थापना अवसर पर उपस्थित विधायक, सभापति व अन्य।

अम्बेडकर भवन निर्माण 4 माह में बनकर तैयार
भास्कर न्यूज| ब्यावर

राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेश में उपखंड स्तर पर बनने वाले सार्वजनिक अम्बेडकर भवन निर्माण के लिए शनिवार को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर ब्यावर में भी उदयपुर रोड स्थित जलदाय विभाग परिसर के समीप नगर परिषद की जमीन पर शिलान्यास हुआ। जहां 67 लाख रुपए की लागत से अम्बेडकर भवन का निर्माण आगामी 4 महीने में पूरा होना है। भवन की नींव का पूजन विधायक शंकरसिंह रावत, नगर परिषद सभापति बबीता चौहान ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया। पंडित वीरेंद्र शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नींव का पूजन कराते हुए नींव का पहला पत्थर रखवाया।

विधायक रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बजट सत्र में प्रदेश में उपखंड स्तर पर अम्बेडकर भवन बनाने की घोषणा करते हुए ब्यावर के लिए 67 लाख रुपए का बजट मंजूर किया। अम्बेडकर भवन के बनने के बाद शहरवासियों को एक आधुनिक सुख-सुविधाओं वाला सार्वजनिक भवन मिल जाएगा। जिससे आमजन को काफी राहत मिलेगी।

सभापति बबीता चौहान ने कहा कि सरकार की ओर से मिले बजट से अम्बेडकर भवन में एक हॉल, दो कमरे तथा एक किचन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा यहां एक पार्क का निर्माण भी कराकर दलित संगठनों के सहयोग से अम्बेडकर की मूर्ति भी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक ही मॉडल के भवनों का निर्माण होगा। नींव पूजन के दौरान आयुक्त आयुक्त सुखराम खोखर, उपसभापति सुनील मूंदड़ा, मंडल अध्यक्ष दिनेश कटारिया, जयकिशन बल्दुआ, महामंत्री रिखबचंद खटोड, विष्णु शर्मा, पार्षद रविन्द्र जॉय, मंगत सिंह मोनू, अंगदराम अजमेरा, ईश्वर तंवर, विनोद खाटवा, लेखराज कंवरिया, देवेन्द्र सेन, राधेश्याम प्रजापत, नरेन्द्र चौहान, सोहनलाल मेघवाल, कैलाश गहलोत, विजेंद्र प्रजापति, बंकटलाल शर्मा, मोहिन्द्र फुलवारी, सुरेश काठात, जाहिद हुसैन, एईएन पदम चौधरी, पटवारी संजय जैन तथा लोकेश मीणा सहित के अन्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर आशु एसोसिएटेड के मनमीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देश के अनुरूप भवन का निर्माण होगा। इसके लिए सरकार ने 4 महीने का समय दिया है।

इसी तरह राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) जिला शाखा ब्यावर की ओर से बाबा साहेब की भीमराव अंबेडकर की जयंती सामाजिक समरसता दिवस के तौर पर मनाई गई। संगठन के संरक्षक रामनारायण तर्क सभाध्यक्ष राजेंद्र प्रजापति व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान सुबह 11 बजे बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। संगठन मंत्री विष्णु दत्त ने बताया कि बाबा साहेब की जयंती सामाजिक समरसता दिवस के तौर पर मनाया गया। राजेंद्र प्रजापति, पंकज शर्मा, रघुवीर सिंह, मुकेश प्रजापति,रोहित जैन, दिगवीर सिंह, भगवान सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

ब्यावर. अम्बेडकर भवन शिलान्यास कार्यक्रम में भूमि पूजन करते विधायक शंकर सिंह रावत व अन्य।

खबरें और भी हैं...