शॉर्ट सर्किट से कुट्टी की टाल में आग, लाखों का नुकसान
शहर के सेंदड़ा रोड शिव मंदिर में पास स्थित कुट्टी की टाल में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से चारे ने अाग पकड़ ली। देखते ही देखते चारे में लगी मामूली आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के कारण लाखों रूपए का चारा जलकर खाक हो गया। अलसुबह अचानक लगी आग से आसपास के लोगों में अफरा तफरी का मच गई और लोग अपने-अपने घरों बाहर निकल आए। बाद में क्षेत्रवासियों की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की गाडियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तक कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि अग्निशमन ब्यावर, अजमेर तथा श्रीसीमेन्ट की तीन गाडिय़ों ने 12 फेरे लगाकर करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार सेंदड़ा रोड स्थित शिव मंदिर के पास जगदम्बा कुट्टी की टाल में शनिवार को अलसुबह करीब तीन बजे अज्ञात कारणों के चलते टाल में रखे चारे ने आग पकड़ ली। आग के बाद उठते धुएं के कारण लोगों को आग की जानकारी हुई तो उन्होंने टाल के मालिक ओमप्रकाश भारती को सूचना दी। भारती ने मौके पर पहुंचकर इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कुट्टी काटने की मशीन भी जलकर राख हो गई। आग की घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने जेसीबी की सहायता से चारे को बिखेर कर आग को बुझाया।
ब्यावर. सेंदड़ा रोड शिव मंदिर में पास स्थित कुट्टी की टाल में लगी आग पर काबू का प्रयास करते लोग।