रोडवेज के स्मार्ट कार्ड रूम में रखे दानपात्र हुए चोरी
ब्यावर आगार के स्मार्ट कार्ड रूम में रखे दान पात्रों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह जब स्मार्ट कार्ड प्रभारी आगार पहुंचे तो रूम के बाहर लगा ताला खुला हुआ था। प्रभारी ने जब अंदर जाकर देखा तो रूम में रखे दो दानपात्र गायब थे। जिसकी शिकायत प्रभारी ने मुख्य प्रबंधक रघुराज सिंह को दी। स्मार्ट कार्ड प्रभारी शिवचरण टांक ने बताया कि शनिवार को जब वह स्मार्ट कार्ड रूम में आए तो रूम के बाहर लगा ताला खुला हुआ था। जब अंदर जा कर देखा तो रूम में तीन दान पात्रों में दो दान पात्र गायब थे। जहां दोनों दान पात्रों में 10 हजार रुपए से अधिक की राशि थी। प्रभारी ने बताया कि यह तो अच्छा हुआ कार्ड के लिए आने वाली राशि को शुक्रवार शाम ही जमा करवा दी थी अन्यथा ओर नुकसान भी हो सकता था। रूम से चोरी हुए दान पात्रों की शिकायत मुख्य प्रबंधक को देने के साथ ही सिटी थाने में भी दी है। स्मार्ट कार्ड प्रभारी ने बताया कि यह दान पात्र संजय इनक्लूसिव स्कूल व गौ भक्त मंडल की ओर से लगाए गए थे।
नहीं है सुरक्षा के कोई बंदोबस्त: रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि बस स्टैण्ड परिसर में रात के समय किसी प्रकार के कोई सुरक्षा बंदोबस्त नहीं है। बस स्टैण्ड परिसर के भीलवाड़ा,रावतभाटा व केकड़ी के प्लेटफार्म पर लाइट नहीं होने के कारण रातभर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। इसको लेकर परिसर में बनी हुई दुकानों के संचालकों ने कई बार मुख्य प्रबंधक को शिकायत भी कर दी गई है। लेकिन आज तक परिसर में किसी प्रकार कोई सुरक्षा बंदोबस्त नहीं किए गए है। कर्मचारियों ने बताया कि आगार में रात के समय कोई ड्यूटी ऑफिसर तक नियुक्त नहीं है। ऐसे में बस स्टैण्ड पर यदि रात में किसी प्रकार कोई घटना घटित हो जाए तो कर्मचारियों व यात्रियों की सुरक्षा राम भरोसे है।