करंट की चपेट में आने से युवक झुलसा
ब्यावर| टॉडगढ़ रोड स्थित पार्श्व नाथ अस्पताल के समीप मानसिक रूप से कमजोर एक युवक करंट की चपेट में आ गया। जिस कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार गोला निवासी मेवाराम पुत्र हीरा गुर्जर पिछले कुछ दिनों से ताण की बीमारी से ग्रसित है। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। इसी दौरान मेवाराम शनिवार सुबह शास्त्री सर्किल के पास स्थित एक चाय की थड़ी पर बैठा था कि अचानक वह उठा और दुकान के सामने स्थित विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया तथा तारों को खींचने लगा जिससे उसे करंट लग गया। करंट के झटके से वह नीचे गिर गया। तहसीलदार मूलचंद मीणा सहित अन्य कर्मचारी वहां से गुजर रहे थे। उक्त नजारा देखकर वे वहां पर रुके। करंट से झुलसे युवक मेवाराम को तहसीलदार मूलचंद मीणा ने खुद अपने वाहन में उपचार के लिए एके एच पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर रैफर कर दिया गया।