- Hindi News
- National
- एकेएच ‘पहचान’ सॉफ्टवेयर से अपडेट जन्म के 12 घंटे में मिला बर्थ सार्टिफिकेट
एकेएच ‘पहचान’ सॉफ्टवेयर से अपडेट जन्म के 12 घंटे में मिला बर्थ सार्टिफिकेट
राजकीय अमृतकौर अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों के परिजनों को अब बर्थ सार्टिफिकेट के लिए चक्कर से निजात मिलने लगी है। नगर परिषद से निर्देश मिलने के बाद एकेएच प्रबंधन द्वारा अस्पताल में ही बच्चों को बर्थ सार्टिफिकेट जारी किए जाने लगे हैं। नगर परिषद की पहल पर राजकीय अमृतकौर अस्पताल को ऑन लाइन प्रक्रिया से जोड़ दिया गया। जिससे अब बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए एकेएच को “पहचान” सॉफ्टवेयर से अपडेट कर दिया गया है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद स्टॉफ को प्रशिक्षण दिया गया। जिसके बाद गत 5 अप्रेल से एकेएच में प्रसव करवाने वाली ऐसी प्रसूताएं जो पूरे दस्तावेज भी जमा करवा रहे हैं को डिस्चार्ज टिकट के साथ ही नवजात का जन्म प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है। डिस्चार्ज होने से पूर्व बच्चे को जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे का नाम अंकित करते हुए प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। ऐसे मामले जिनमें प्रसव के बाद और डिस्चार्ज से पूर्व बच्चें का नाम नहीं रख पाते हैं तो एेसी स्थिति में अस्पताल प्रबंधन द्वारा बिना बच्चें के नाम के प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। ऐसे प्रमाण पत्र में माता और पिता दोनों के आधार कार्ड के आधार पर बच्चें को जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। जिसमें बच्चे के माता पिता का नाम और पता बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में अंकित किया जा रहा है। ताकि भविष्य में माता पिता को बच्चे के नाम दर्ज करवाने या संशोधन करवाने के लिए विभागों के अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़े।
एकेएच में बच्चे को बर्थ सार्टिफिकेट देती डॉक्टर दीपाली मीणा।
अाधार कार्ड नहीं देने पर जन्म प्रमाण पत्र नहीं
पहचान सॉफ्टवेयर से अपडेट होने और कंप्यूटर ऑपरेटर को उपकरण और सामग्री उपलब्ध करवाए जाने के बाद 5 अप्रेल से एकेएच में पैदा होने वाले बच्चों को बर्थ सार्टिफिकेट जारी किया जा रहा है। 13 अप्रेल तक 101 नवजात को जन्म के 24 घंटों के दौरान जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। अन्य बच्चों को इस कारण बर्थ सार्टिफिकेट नहीं मिल सका क्योंकि उनके माता पिता दोनों के आधार कार्ड जमा नहीं करवाए गए थे।
ये आ रही परेशानी : बर्थ सार्टिफिकेट के लिए डॉ. दीपाली मीणा को प्रभारी बनाया गया है। सार्टिफिकेट के लिए प्रसव के लिए गर्भवती को भर्ती करवाने के दौरान माता के साथ ही पिता का अाधार कार्ड भी जमा करवाना जरूरी है। कई बार कहने के बाद भी अभिभावक दोनों का आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा नहीं करवाते। जिस कारण परेशानी आ रही है।
स्टाफ को दिए निर्देश
इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन द्वारा लेकर रूम के स्टॉफ को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रसव के लिए लेबर रूम में गर्भवती को भर्ती करवाने के साथ ही अभिभावकों को माता पिता के आधार कार्ड अनिवार्य रूप से लाने के लिए जागरूक करें। लेबर रूम के स्टॉफ को कहा गया है कि लेबर रूम से वार्ड में शिफ्ट करने के दौरान दोनों के आधार कार्ड अनिवार्य रूप से टिकट के साथ लगाएं। अगर किसी कारण वश किसी का आधार कार्ड नहीं आया है तो जिस वार्ड में प्रसूता को शिफ्ट किया जा रहा है उस वार्ड प्रभारी को सूचना देकर दोनों के आधार कार्ड की फोटो कॉपी मंगवाए। जिससे बच्चों का बर्थ सर्टिफिकेट समय पर जारी किया जा सके।
आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लाएं
प्रसव के समय गर्भवती को अस्पताल लाते समय माता और पिता दोनों के आधार कार्ड की फोटो कॉपी भी साथ लेकर आए। डिस्चार्ज टिकट के साथ ही बर्थ सार्टिफिकेट जारी किया जा सके। डॉ. दीपाली मीणा, प्रभारी, जन्म प्रमाण पत्र, शाखा ब्यावर