टीबी अस्पताल के जीर्णोद्धार की मांग
ब्यावर| जिला क्षय रोग निवारण केंद्र की जीर्ण शीर्ण अवस्था और उसके जीर्णोद्धार की मांग को लेकर सोमवार को आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. शेखर शर्मा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ओपी चौहान को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि टीबी अस्पताल की बिल्डिंग काफी पुरानी है। पूरे अस्पताल में जगह-जगह प्लास्टर गिर रहा है। अस्पताल स्टाफ और यहां आने वाले मरीजों के संभावित खतरे को देखते हुए भवन के शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ओपी चौहान से भी मुलाकात कर अस्पताल के जीर्णोद्वार की मांग उठाई लेकिन अभियंता ने यह कार्य एनआरएचएम के अधीन होने का हवाला देते हुए उनके कार्यक्षेत्र का मामला नहीं होना बताया। ज्ञापन सौंपने वालों में आप पार्टी के गुलाब चंद शर्मा, नीलेश बुरड़, श्रवण लाल, महेश कुमार शर्मा, दिनेश भाट समेत अन्य मौजूद थे।