पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ब्यावर में 161 सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती

ब्यावर में 161 सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के बढ़ते दायरे और चारदीवारी के बाहर फैलती नई कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था सुचारू करने के लिए नगर परिषद प्रशासन सरकार के आदेशानुसार शहर में 161 सफाईकर्मियों की भर्ती करेगी। इस नियुक्ति के बाद शहर की सफाई व्यवस्था और सुचारू हो सकेगी। साथ ही जिन वार्डों में अब तक सफाई कर्मचारियों के नहीं पहुंचने की शिकायत रहती है वहां भी ऐसे कर्मचारी पहुंच सकेंगे।

सभापति बबीता चौहान ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पिछले दिनों प्रदेश भर में सफाई कर्मचारियों की भर्ती की घोषणा की गई थी। इसके लिए ब्यावर में भी 161 सफाईकर्मी नियुक्त होने हैं। परिषद में नए कर्मचारियों की भर्ती होने के बाद सफाई कर्मचारियों की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। स्थायी कर्मचारियों के कारण शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और चाक-चौबंद होने वाली है। नगर परिषद प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए कवायद शुरू कर दी है।

इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 15 मई तक नगर परिषद स्थित स्वास्थ्य शाखा से निशुल्क आवेदन पत्र लेकर जमा करवा सकता है। आवेदन पत्र के लिए सामान्य तथा पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपए तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 रुपए का पोस्टल आर्डर तथा बैंक डीडी शुल्क के रूप में जमा कराना होगा। प्राप्त आवेदन की जांच के बाद जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की मौजूदगी में शार्ट लिस्ट होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची चस्पा की जाएगी। मालूम हो कि वर्तमान में नगर परिषद में 340 स्थाई सफाई कर्मचारी है तथा 90 सफाई कर्मचारी ठेके पर चल रहे है जिनके भरोसे शहर की सफाई व्यवस्था चल रही है। नई भर्ती में 161 कर्मचारियों की नियुक्ति होने के बाद नगर परिषद में कुल 501 स्थाई कर्मचारी हो जाएंगे जिसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी।

नगर परिषद

सफाई व्यवस्था हो सकेगी सुचारू, कमी के चलते परिषद ने कई वार्डों में लगा रखे हैं ठेकेदार के कर्मचारी

खबरें और भी हैं...