लूट के मामले में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
शहर के पुष्कर गंज में सोमवार देर रात टी व्यापारी से तलवार लहराते हुए 3 लाख की नगदी लूटने के मामले में सिटी थाना पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों और आस पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। इसके साथ ही पीड़ित व्यापारी से पूछताछ में भी उसने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई है। जिसके आधार पर पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है।गौरतलब है कि नंद नगर निवासी चंद्रप्रकाश 56 पुत्र निहाल चंद सोमवार रात अपने मुनीम जीतू के साथ स्कूटर पर सवार हो घर जा रहे थे। इसी दौरान पुष्कर गंज में बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक कर तलवार लहराते हुए उनके पास नकदी से भरा 3 लाख का बेग लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
25 से 30 वर्षीय है आरोपी: प्रारंभिक पडताल में सामने अाया कि आरोपियों ने वारदात के लिए दुकान से तत्काल मिर्ची पाउडर खरीदा। पुलिस मान रही है कि आरोपियों ने पीड़ित की रैकी कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पीड़ित व्यापारी के दुकान के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है कि कहीं आरोपियों ने व्यापारी का दुकान से ही तो पीछ़ा शुरू नहीं कर दिया। वहीं इस मामले को लेकर सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।