जेठाना| रामपुरा में सोमवार को सड़क क्रॉस करते समय कार की टक्कर से 7 बकरियों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मामले में रामपुरा गांव में हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे दो बकरी पालक सामूहिक रुप से अपनी बकरियों के साथ घर लौटते समय हाईवे पर बकरियां सड़क क्रॉस करवा रहे थे। इसी दौरान ब्यावर की तरफ से आई स्विफ्ट कार का चालक कार की स्पीड पर अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क क्रॉस कर रही बकरियों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे 7 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर से कई बकरियां जख्मी हो गई। टक्कर से किशन सिंह रावत की 5 तथा प्रेम सिंह रावत की दो बकरियाें ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक रुका मगर भीड़ जमा होते देख कार भगा ले गया। इस दौरान मौके पर जमा ग्रामीणों में से कोई कार के नंबर भी नोट नहीं कर पाया। सूचना पर दीवान गोपाराम, कांस्टेबल बलबीर मौके पर पहुंचे। लेकिन मांगलियावास थाने में भी एक घंटे बाद सूचना देने से आरोपी चालक टोल नाकों पर भी नहीं पकड़ा जा सका। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।