विद्युत वितरण निगम की ओर से सोमवार को छावनी पॉवर हाउस से कॉलेज रोड स्थित लौहारान बस्ती के समीप प्रस्तावित जीएसएस तक अंडरग्राउंड केबलिंग किए जाने का कार्य शुरु कर दिया गया। निगम की ओर से फिलहाल छावनी पॉवर हाउस से भगत चौराहे तक मुख्य मार्ग पर अंडर ग्राउंड केबलिंग की जा रही है।
विद्युत वितरण निगम की ओर से छावनी पॉवर हाउस से प्रस्तावित जीएसएस तक ओवरहेड लाइनों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने के चलते पहली बार किसी जीएसएस तक अंडरग्राउंड केबलिंग के जरिए बिजली पहुंचाई जाएगी। विद्युत वितरण निगम की ओर से छावनी पॉवर हाउस से लौहारान बस्ती तक लगभग तीन किलोमीटर की अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी जिसकी लागत लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपए आएगी।
छावनी पॉवर हाउस से लौहारान बस्ती के पीछे प्रस्तावित जीएसएस तक अंडरग्राउंड केबलिंग करने के लिए की जाने सड़कों की खुदाई के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने निगम को लगभग 14 लाख का तकमीना थमाया गया था। निगम की ओर से पीडब्लूडी को तकमीना राशि जमा कराए जाने के बाद निगम की ओर से छावनी पॉवर हाउस से भगत चौराहा व रेलवे स्टेशन चौराहा होते हुए कॉलेज रोड स्थित लौहारान बस्ती के पीछे प्रस्तावित जीएसएस तक सड़क की खुदाई की जाएगी।
लौहारान बस्ती के समीप प्रस्तावित जीएसएस के निर्माण के बाद सूरजपोल गेट फीडर, मेवाड़ी गेट फीडर, मसूदा रोड सहित अन्य फीडर से विघुत भार कम होगा। जिसके बाद शहरी उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधाएं मिलेंगी। मौजूदा विद्युत तंत्र में लगातार बढ़ते विद्युत भार के कारण उपभोक्ताओं को आएदिन ट्रिपिंग व कम वोल्टेज की समस्या से दो-चार होना पड़ता है।
ब्यावर. छावनी पावर हाउस से लौहार बस्ती तक की जा रही अंडरग्राउंड केबलिंग।
अंडरग्राउंड केबलिंग के लिए खोदा गड्ढा।