विधायक ने की फौजी की मदद
ब्यावर| विधायक शंकरसिंह रावत ने बुधवार को बस में सफर के दौरान अपना पर्स खो चुके भारतीय फौजी की गुहार पर मदद उपलब्ध करवाई। विधायक रावत ने फौजी की मोबाइल पर आपबीती सुनने के बाद न केवल रेलवे स्टेशन पहुंचे बल्कि फौजी को गंतव्य स्थान पर पहुंचाने के लिए टिकट की भी व्यवस्था की। जानकारी के अनुसार सिद्धपुर हिमाचल प्रदेश निवासी तथा दमनदीप में भारतीय सेना में लांस नायक के पद पर तैनात फौजी अजय कुमार पुत्र खोजूराम ठाकुर सूरत से पठानकोट के लिए बस में सफर कर रहा था। सफर के दौरान किसी ने उसका पर्स पार कर लिया। इसकी जानकारी फौजी को जोधपुर पहुंचने पर हुई। ट्रेवल्स बस वाले ने फौजी को ब्यावर तक भेजने की व्यवस्था कर दी। बुधवार सुबह फौजी ब्यावर पहुंचा तथा किसी से विधायक शंकरसिंह रावत के मोबाइल नम्बर लेकर उनसे बात करते हुए आपबीती सुनाई। विधायक रावत रेलवे स्टेशन पहुंचे और अजय कुमार के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित अपने घर पहुंचने तक के टिकिट की व्यवस्था की। फौजी ने बताया कि उसके पर्स में सात हजार पांच सौ रुपए नकद, सीएसडी कार्ड, आईडी कार्ड तथा दो एटीएम कार्ड थे।