हत्या का आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
नसीराबाद| अजमेर के अवकाशकालीन मजिस्ट्रेट ने ग्राम बाघसुरी में मारपीट में हुई हत्या के आरोपी को 3 दिन पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए। सदर थाना पुलिस ने आरोपी बाघुसरी निवासी सोहनलाल खटीक पुत्र घीसालाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। गत 2 अप्रैल को बाघसुरी बाबूलाल गवारिया पुत्र मोहनलाल अपनी भतीजी पूजा के साथ बाइक पर गांव से ब्यावर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही सोहनलाल खटीक ने रास्ता रोककर बाबूलाल व पूजा के साथ मारपीट की थी। इससे दोनों घायल हो गए थे, लेकिन बाबूलाल के सिर में गंभीर चोट के कारण उसे जेएलएन अस्पताल अजमेर में भर्ती कराया गया था। मारपीट के बाद बाबूलाल के चाचा तेजू पुत्र फौजू ने सदर थाने में सोहनलाल के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। उसे पुलिस ने रास्ता रोककर मारपीट करने के आरोप में दर्ज किया था, लेकिन गत 15 अप्रैल को बाबूलाल की उपचार के दौरान जेएलएन अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी शामिल कर आरोपी सोहनलाल को गिरफ्तार कर लिया था।