बीड़ | संत सिंगाजी विद्युत परियोजना से बीड़ रेलवे ट्रैक के मेंटेनेंस के लिए मजदूर रखे गए हैं। लेकिन मप्र पावर जेनेटिक कंपनी के सहायक अभियंता वीके सिकरवार उनसे मेंटेनेंस के कामों के बजाय नाले की सफाई करवा रहे हैं। गुरुवार को परियोजना के पास देवला नदी में मजदूरों से कीचड़ उठवाया गया। पूछने पर मजदूरों ने बताया हमेशा ऐसा ही काम कराया जाता है। कभी चारा उखड़वाया जाता है तो कभी गड्ढे खुदवाए जाते हैं। जबकि हमारा काम रेलवे पटरी का मेंटेनेंस करना है। मजबूरी में हमें यह काम करना पड़ रहा है।
मामले में सहायक अभियंता ने कहा कर्मचारियों को सभी काम करना पड़ेंगे। नाला इसलिए साफ कराया गया क्योंकि इसी ब्रिज से कोयला रैक गुजरती है। पानी की निकासी के लिए यह काम कराया गया। एमपी पीजीसीएल द्वारा परियोजना से सुरगांव बंजारी तक दो ठेकेदारों को अलग-अलग काम दिया गया है। ठेकेदार मनमानी कर मजदूरों से काम करवा रहे हैं। सुरक्षा के लिए भी उन्हें कोई संसाधन नहीं दिए जा रहे। यहां कुछ अधिकारी सरकारी वाहनों का निजी कामों में भी उपयोग कर रहे हैं। पूरे मामले की एमडी अनूप कुमार और लोकायुक्त सहित ऊर्जा मंत्री पारस जैन से भी शिकायत की गई है।