भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़/बस्सी
बस्सी थाना क्षेत्र के नगरी गांव में शनिवार दोपहर नदी में डूबने से क्रमश: 18 व 17 साल की दो बहनों की मौत हो गई। घर पर निर्माण कार्य चलने से पानी की कमी थी। इस कारण ये बहनें छोटे भाई के साथ नहाने व कपड़े धोने नदी पर चली गई। युवतियों के पिता पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं।
नगरी निवासी व पुलिस थाना बेगूं में हेड कांस्टेबल गिरधारीलाल रैगर की पुत्रियां 18 वर्षीय कृष्णा व 17 वर्षीय सुड़ी और पुत्र 12 वर्षीय घनश्याम शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांव से ही निकल रही बेड़च नदी पर नहाने व कपड़े धोने गए थे। इस दौरान अचानक एक के बाद एक दोनों बहने फिसलकर नदी में गिर गईं। दोनों बहनों को पानी में डूबते देख छोटे भाई घनश्याम ने घर आकर सूचना दी। इसके बाद परिजनों सहित उपसरपंच सत्यनारायण रैगर, पूर्व उप सरपंच आनंद सिंह आदि ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। दोनों बहनों को निकाला। चित्तौड़ सदर थानाधिकारी भारतसिंह राठौड़ व बस्सी थानाधिकारी नरेंद्रसिंह भी पहुंचे। दोनों युवतियों को बस्सी राजकीय अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बस्सी थाना पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपे।
कृष्णा व सुड़ी (फाइल फोटो)
घर पर निर्माण कार्य चल रहा था इसलिए नदी पर नहाने गई थीं
हेड कांस्टेबल गिरधारीलाल के मकान पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण पानी की कमी चलते दोनों बहनें छोटे भाई के साथ कपड़े धोने व नहाने नदी पर गई थी।
चट्टान से पहले एक बहन फिसली, फिर दूसरी भी... बताया गया कि तीनों भाई बहन नदी किनारे एक चट्टान पर बैठकर नहा-धो रहे थे। इसी दौरान बड़ी बहन कृष्णा फिसलकर ठीक नीचे पानी में गिरने लगी। उसे बचाने के लिए छोटी बहन सुड़ी ने उसका हाथ पकड़ा तो दोनों ही गड्ढे में जा गिरीं। जो काफी गहरा था, डूबने से दोनों की मौत हो गई।
भाई की कलाइयां सूनी हो गईं... पुलिसकर्मी गिरधारीलाल के दो बेटियां व एक बेटा है। दोनों बेटियों की इस तरह मौत से परिवार के साथ गांव भी शोकमग्न हो उठा। दोनों बहनें नवीं कक्षा की छात्राएं थी। इकलौते भाई की कलाई सूनी हो गई।