नाता राशि के विवाद में अपहरण के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक जब्त
बेगूं. गिरफ्तार आरोपी व अपहरण में उपयोग ली गई बाइक।
बेगूं | नाता राशि के विवाद में एक व्यक्ति का अपहरण करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दो बाइक जब्त की है। थानाधिकारी डीपी दाधीच ने बताया कि धाबाईजी का खेड़ा निवासी नाथूलाल गुर्जर पुत्र कजोड़ गुर्जर का नाता राशि के विवाद के चलते 19 अप्रैल को अपहरण हो गया था।
अपहरण के आरोपी गंदेलिया निवासी रमेश, लक्ष्मण व किशन गुर्जर पुत्र भोजराज गुर्जर को बुधवार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो बाइक भी जब्त की गई है। जांच अधिकारी एएसआई अशोककुमार ने बताया कि एक बाइक अपहरण के उपयोग में ली गई तथा दूसरी बाइक अपहृत नाथू गुर्जर की है। बताया गया कि आटे-सांटे के बाद नाता विवाह की राशि के विवाद में बाइक पर बेगूं आए नाथू गुर्जर का अपहरण हो गया था। अपहृत नाथू गुर्जर 21 अप्रैल को लाडपुरा के जंगल से आरोपियों के कब्जे से भागकर बागपुरा पहुंचा, तभी पुलिस मौके पर पहुंची और अपहृत को बरामद कर दो आरोपी को मौके गिरफ्तार कर लिया था।