भगवा ध्वज लेकर विप्र समाज ने निकाला चल समारोह, पूजा-अर्चना और हवन किए
ब्राह्मण महासभा द्वारा भगवान परशुराम की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम दशहरा मैदान पर आयोजित किया गया। इसके बाद ब्राहम्ण समाज द्वारा मुख्य मुख्य मार्गो से शोभायात्रा निकाली गई। पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद सामूहिक रूप से पूजा अर्चना की गई। लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मलखान सिंह जाट भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए। शोभायात्रा में एक विमान में परशुराम की प्रतिमा को कंधों पर रखकर नगर भ्रमण कराया गया। लोगों ने जगह जगह आरती उतारकर पूजा अर्चना की। पुष्प वर्षा की गई पूरे नगर को झंडे बैनर स्वागत द्वारों से सजाया गया। शोभायात्रा में धर्म ध्वज लेकर युवा आगे आगे चल रहे थे। पं. नंदकिशोर देवलिया, पं.राजकुमार पाराशर परशुराम जी का शस्त्र फरसा व भगवा रंग के वस्त्र धारण कर शामिल हुए जो आकर्षक का केन्द्र रहे। शोभा यात्रा का भाजपा नेता राकेश राय, भाजपा कार्यालय पर लोनिवि मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, लोधी समाज,पूर्व विधायक देवेन्द्र पटेल, यादव महासभा ,नपाध्यक्ष के पुत्र बृजराज सिंह जाट, राकेश भार्गव, ब्लाक कांग्रेस कमेटी,कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह तोमर, नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश ताम्रकार, गुप्ता टेंट हाउस मनोज गुप्ता, हिन्दू उत्सव समिति, हिन्दू युवा सेवादल, शिव सेना आदि ने स्वागत किया। दशहरा मैदान स्थित बाबा रामदास आश्रम पर सामूहिक रूप से आरती की गई।
सिलवानी| ब्राह्मण विकास संगठन व सेवा समिति द्वारा भगवान परशुराम की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। हाथों में भगवा ध्वज लेकर समाज के युवाओं ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए। प्रातः कांठिया मंदिर में पूजन हवन आदि धार्मिक अनुष्ठान पंडितों द्वारा कराए गए। इसके बाद चल समारोह निकाला गया, जो कि बजरंग चौराहा से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग होते हुए कांठिया मंदिर पहुंचा। यहां पर भगवान परशुराम की आरती की गई। चल समारोह में डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा नृत्य करते हुए चल रहे थे। चल समारोह में श्रीराम-जानकी मंदिर जमुनियापुरा के महंत नागारामदास महाराज, हनुमान मंदिर बजरंग चौराह के पुजारी पंडित गोपालानंद महाराज सहित अन्य संत, महंत शामिल हुए।
समाज के लोगों ने किया हवन-पूजन, कल निकालेंगे शोभायात्रा: सुल्तानपुर| रामजानकी मंदिर में समाज के लोगों ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इसके बाद मंदिर प्रांगण में हवन-पूजन कर प्रसाद बांटा गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि शुक्रवार को रामजानकी मंदिर से दोपहर 3 बजे से भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी।
रामजानकी मंदिर में कार्यक्रम
देवरी| भगवान परशुराम जयंती पर ब्राह्मण समाज ने रामजानकी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम की जयंती मनाई। भगवान परशुराम की पूजा कर एक-दूसरे को बधाई दी गई। इस दौरान राधेश्याम पुरोहित, मनमोहन व्यास, कृष्ण विहारी व्यास, राघवेंद्र चौबे, पवन चौब, अनिल पुरोहित, रामप्रकाश चौबे, डॉक्टर अनुराग, डॉक्टर गौरव अंकित व्यास आदि ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद थे।
भगवान परशुराम के आदर्शों को करें आत्मसात : गैरतगंज| भगवान परशुराम ने संपूर्ण मानवता की रक्षा एवं देव आराधना को अपने जीवन का पहला लक्ष्य बनाया। आज आवश्यकता है कि मानव समाज उनके आदर्शों को आत्मसात कर अपने जीवन का कल्याण करे। ये विचार ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जयंती समारोह में वक्ताओं ने व्यक्त किए। जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीराम जानकी मंदिर में भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे पहले नगर में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की झांकी एवं श्री बजरंग अखाड़ा के कलाकारों ने कौशल का प्रदर्शन किया। इसके बाद रामजानकी मंदिर में हुई धर्मसभा में सुरेन्द्र तिवारी, गिरिजाशंकर पाठक, योगेश आचार्य, बृजेश शर्मा, युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष मयंक चौबे सहित अन्य वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान थाना प्रभारी रूपेश दुबे, महेन्द्र तिवारी, पं.शिवशंकर शर्मा, बालमुकंद तिवारी, प्रवीण व्यास, पंकज शर्मा, नवीन व्यास, दिनेश चतुर्वेदी, गोविंद तिवारी, विवेक पंचोली, रविंद्र तिवारी, शरद शर्मा, पूर्णानंद जोशी, मुकेश शर्मा, शंभू दयाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
शोभायात्रा में फरसे, तलवारों का प्रदर्शन कर समाज के युवाओं ने जय परशुराम के लगाए नारे
बाड़ी| परशुराम जयंती के अवसर पर समाजजनों ने निकाली शोभायात्रा।
आमसभा में समाज को संगठित करने पर दिया जोर
बाड़ी| भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव पर सुबह 8 बजे नया बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर में लोगों पूजा-अर्चना कर बैंडबाजों व आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में फरसे, तलवारों का प्रदर्शन कर समाज के युवाओं ने जय परशुराम का उद्घोष किया। दुर्गा चौक मंदिर से विप्र समाज द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। युवाओं की टीम डीजे पर बज रहे भजनों पर नृत्य कर रही थी। विभिन्न संगठनों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा नगर में भ्रमण के बाद दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां धर्म सभा का आयोजन किया गया। इसमें रामाधार शर्मा, सुरेंद्र तिवारी, देव नारायण त्रिपाठी, चंद्रप्रकाश गौतम, सालिगराम शर्मा ने समाज की एकता पर जोर दिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष व ब्राह्मण समाज के ब्लॉक व तहसील अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय धावक रामाधार शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के हर युवा को नशे से मुक्त कराना ही हमारा उद्देश्य है। महाआरती व प्रसादी का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद बांटा प्रसाद
सांची | नगर में आज भगवान परशुराम जी का जन्म उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। साची की ब्राह्मण महासभा ने वार्ड नंबर 4 के शिव साईं मंदिर पर भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाया ।भगवान की पूजा अर्चना की गई एवं भगवान की आरती कर प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा के संरक्षक सीएल तिवारी शिवनारायण शास्त्री, ब्रज नारायण पाठक, कामता महाराज, प्रकाश कटारे ,अजय पांडे ,राजेश शर्मा, संजय तिवारी, रमेश शर्मा, संतोष दुबे, बनवारी शर्मा, बबलू तिवारी, अमित शर्मा अविनाश कटारे, बबलू महाराज, ऋषि शर्मा, मधु महाराज, टीटू महाराज आदि ब्राह्मण बंधु मौजूद थे
आज निकाली जाएगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा
उदयपुरा| ब्राह्मण मंडल के सदस्य गुरुवार को भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकालेंगे। दोपहर 3 बजे से माता मंदिर परिसर में स्थापित भगवान परशुराम के मंदिर से प्रारंभ होकर शोभायात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए वापस रामजानकी मंदिर पर समाप्त होगी। इसकी पूरी रूपरेखा परशुराम मंदिर में वरिष्ठ एवं युवा ब्राह्मण मंडल के सदस्यों ने बनाई। वहीं सुबह 8 बजे भगवान परशुराम मंदिर में सर्व ब्राह्मण संगठन के सदस्य, युवा मंडल के सदस्य पहुंचे और भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर आरती की। इस दौरान संगठन के संयोजक भुवन भास्कर शर्मा, अध्यक्ष बृजकिशोर शर्मा, सुरेंद्र शास्त्री, महेश दुबे, रामकृष्ण शास्त्री आदि ने भाग लिया।
हर्षोल्लास से मनाया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव
खरगोन| भगवान परशुराम का जन्मोत्सव नगर में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए कार्यक्रम स्थल खेड़ापति माता मंदिर प्रांगण पहुंची। सर्व कल्याण ब्राह्मण सेवा समिति के संजीव शर्मा, बरेली से आए राजीव पालीवाल, राधेश्याम शर्मा, नीलेश शर्मा ने सभा को संबोधित किया। पुरुषोत्तम, विनोद त्रिपाठी, पंडित संतोष शास्त्री ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सफल संचालन संजीव शर्मा एवं भुवनेश शर्मा ने किया। अंत में सभी अतिथियों का आभार श्रीकांत शर्मा ने माना।