- Hindi News
- National
- पहले बड़े किसानों की उपज तुलवा रहे केंद्र प्रभारी, छोटे किसानों को पांच दिन तक करना पड़ रहा है इंतजार
पहले बड़े किसानों की उपज तुलवा रहे केंद्र प्रभारी, छोटे किसानों को पांच दिन तक करना पड़ रहा है इंतजार
समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर किसानों को गेहूं विक्रय करने में काफी परेशान होना पड़ रहा है। केन्द्रों पर किसानों के लिए सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। वहीं नगर के कृषि उपज मण्डी में संचालित एलएसएस समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी केन्द्र पर किसान काफी परेशान हो रहे हैं। यहां पर किसानों के गेहूं की समय पर तुलाई नहीं हो रही है। केन्द्र प्रभारी बड़े बड़े किसानों से मिलकर पहले तुलाई करा रहे हैं और छोटे किसानों को पांच-पांच दिन तक केन्द्र पर रुककर तुलाई करने को मजबूर है।
हम्मालों को देने पड़ रहे हैं रुपए : एलएसएस खरीदी केन्द्र पर किसानों को अपना नंबर आने के बाद भी हम्मालों को अतिरिक्त रुपए देने पड़ रहे हैं। इसके बाद ही हम्माल किसानों के गेहूं की तुलाई करा पा रहे हैं। किसान सुधीर यादव ने बताया कि लगभग 75 क्विंटल गेहूं की तुलाई कराने में हम्मालों के लिए अतिरिक्त 1400 रुपए देना पड़े। इसके बाद ही गेहूं की तुलाई हो सकी है। वहीं प्रत्येक क्विंटल पर 1 किलो 800 ग्राम अतिरिक्त गेहूं लिए जाने का भी किसान आरोप लगा रहे हैं। अन्य किसानों ने बताया कि केन्द्र प्रभारियों से बात की तो कर्मचारी अभद्रता करने पर उतारू हो गए।
भ्रष्टाचार के आरोपियों के भरोसे केन्द्र : एलएसएस खरीदी केन्द्र पर जिन कर्मचारियों को तैनात किया गया है,उन्हीं कर्मचारियों के ऊपर 2013-14 में गेहूं खरीदी के समय भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। जिसका प्रकरण भी विचाराधीन है।