प्रखंड क्षेत्र के अरबा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय अरवा नवीन में शनिवार को छात्र-छात्राओं समेत अभिभावकों ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी और विद्यालय में अनियमितता को लेकर जमकर हंगामा किया। जिस कारण आज विद्यालय का पठन-पाठन ठप रहा। हंगामा के दौरान छात्र-छात्रों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और एचएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अविभावक अमित कुमार, अशोक सहनी, अनिल सहनी, रमेश पासवान, वकील शर्मा,अशोक पासवान, रंजीत सहनी, वीरेन्द्र शर्मा, फुलेना सहनी, मुकेश पासवान, राम कल्याण पासवान ने बताया कि स्कूल के एचएम संजय कुमार सुमन ने शुक्रवार को उबला अण्डा शनिवार को छात्रों को खाने में दिया।
स्कूल के बाहर प्रदर्शन कतरे बच्चे। इस दौरान इन्होंने जमकर नारेबाजी भी की।
एचएम रहते हैं गायब
अरवा पंचायत की मुखिया फुल कुमारी ने बताया कि बच्चों की उपस्थिति के मुताबिक भोजन नहीं बनाया जाता है। वहीं एचएम बिना किसी सूचना स्कूल से गायब रहते हैं। जिससे विद्यालय में पठन पाठन नहीं हो पाता है। एचएम संजय कुमार सुमन ने ग्रामीणों को फोन पर बताया कि अस्वस्थ रहने के कारण सहायक शिक्षक को सूचना देकर इलाज के लिए बेगूसराय आ गए हैं।
बीईओ ने जांच का आश्वासन देकर अभिभावकों को कराया शांत
हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंचे बीईओ संगीता कुमारी ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को मामले की जांच और गलत पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन की बात कह कर मामले को शांत करवाया। बीईओ ने बताया कि अभिभावकों व छात्रों द्वारा एचएम पर लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।