नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 के तेलिया पोखर मोहल्ला में जलजमाव की समस्या से परेशान मोहल्ले की महिला और पुरुषों ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। 10 वर्षों से जलजमाव की समस्या से त्रस्त और नाला निर्माण करवाने की मांग को लेकर वार्ड 22 के तेलिया पोखर निवासी ज्योति पाठक, अखिल अमृत, जयनारायण महतो, अमित कुमार, नबल राम, अजय महतो, प्रदीप पासवान, विकास कुमार, चमरू महतो, भोला कुमार शंकुतला देवी के नेतृत्व में तेलिया पोखर से जुलूस निकाला जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर निगम पहुंच प्रदर्शन में तब्दील हो गया।
इस दौरान मोहल्लावासी जल जमाव की समस्या से मुक्ति दो, वार्ड पार्षद मुर्दाबाद, नगर निगम नहीं नरक निगम है, मेयर मुर्दाबाद जैसे नारे लगा रहे थे। वहीं हंगामा कर रही शंकुतला देवी ने कहा कि मोहल्ला में नाला नहीं होने के कारण हल्की बरसात होने पर घर में पानी घुस जाता है, घर रहते हुए लड़कियों को खुले में सड़क पर नहाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। क्योंकि जलनिकासी की सुविधा नहीं होने से चापाकल पानी भी घर में जमा रहता है। जयनारायण महतो ने कहा कि तेलिया पोखर मोहल्ले में दलित, महादलित पिछड़ा वर्ग के 2 सौ परिवार रहते हैं लेकिन आज तक पार्षद द्वारा नाला का निर्माण नहीं करवाया गया। मोहल्लावासियों ने पत्र के माध्यम से बताया कि 19 अपै्रल 2008 में सांसद, विधान पार्षद, अध्यक्ष व सभी पार्षदों के उपस्थिति में नगर परिषद की आपात बैठक में परशुराम महतो के घर से अमरनाथ मिश्रा के घर होते हुए नबल राम के घर तक नाला सह सड़क निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। लेकिन प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद उक्त मामले को लेकर मोहल्लावासी ने 28 अगस्त 14 को नगर आयुक्त को आवेदन दिया। लेकिन अभी तक उक्त आदेश पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने सीएम, डीएम और पार्षद के नाम से नगर निगम अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री हर घर नल का जल एवं हर गली नाली योजना के तहत परशुराम महतो के घर से अमरनाथ मिश्रा के घर होते हुए नवल राम के घर तक नाला सह सड़क निर्माण कराने की मांग की।
मुद्दा बैैठक में रखा गया है
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त आरके लाल ने बताया कि वार्ड नं. 22 में नाला निर्माण कराने की मांग को लेकर कुछ लोगों ने ज्ञापन सौंपा है। जिसे 29 मई को बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। साथ ही बताया कि उक्त मोहल्ले में नाला सह सड़क निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2008 में हो चुकी थी। लेकिन मोहल्ले का लेयर काफी नीचे रहने के कारण निर्माण कार्य नहीं हो सका। उन्होंने बताया समस्या के निराकरण के लिए तकनीकी विशेषज्ञ से राय ली जाएगी।