सिटी रिपोर्टर| चेरियाबरियारपुर
थाना क्षेत्र के भरकाहा चौक के निकट सोमवार दोपहर एसएच 55 पर एक बस कंडक्टर की बस से कुचलकर मौत हो गई। मृतक कंडक्टर की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी स्व. ब्रजकिशोर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मुकेश सिंह उर्फ कारी सिंह के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धर्मरथ मोटर सर्विस की बस बेगूसराय से रोसड़ा की ओर जा रही थी। बस का कंडक्टर छत पर यात्रियों से भाड़ा वसूल रहा था तभी वह सड़क पर झुके एक बांस से टकराकर नीचे सड़क पर गिर गया। इसी बीच वह उसी बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया तथा बस ने उसे कुचल दिया। कंडक्टर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बस चालक फरार
सूचना मिलते ही चेरियाबरियारपुर के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक वहां पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। घटना के बाद उस बस का चालक बस को लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।