पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिले के 6 हजार से अधिक विद्यार्थियों की 93 लाख रु. स्कॉलरशिप बकाया, अब अफसर पल्ला झाड़ रहे

जिले के 6 हजार से अधिक विद्यार्थियों की 93 लाख रु. स्कॉलरशिप बकाया, अब अफसर पल्ला झाड़ रहे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले के 6 हजार से अधिक विद्यार्थी स्कॉलरशिप से वंचित हैं। अब इन विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप मिलने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। स्थिति यह है कि बीते दो सत्र में करीब 8 हजार विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप नहीं मिली है, जिन्हें आज तक भुगतान नहीं हुआ है।

वर्ष 2017-18 शिक्षा सत्र खत्म होने के बावजूद 6390 को स्कॉलरशिप नहीं मिली है। छात्र व उनके पालक स्कालरशिप के लिए स्कूल व कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। यहां जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं संस्था प्रमुख स्कॉलरशिप का भुगतान शासन स्तर से लंबित होने का हवाला देकर लौटा देते हैं। जबकि स्टेट नोडल अधिकारी के अनुसार सभी हितग्राहियों की स्कॉलरशिप नोडल स्टेट बैंक को जारी कर दी गई है। विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा कराई जाती है। इस सत्र में जिले के 99 हजार 230 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप मिलनी थी। लेकिन इसमें अब तक 92 हजार 840 हितग्राहियों के खाते में स्कालरशिप जमा हुई है।

3 हजार आवेदन में त्रुटि, 3387 हितग्राही का भुगतान शेष

जिले के संस्था प्रमुखों ने स्कॉलरशिप के आवेदन आॅनलाइन भरा है। यहां आवेदन भरने के दौरान हुई त्रुटियों की वजह से 3003 हितग्राहियों का 21 लाख 80 हजार 420 रुपए स्कॉलरशिप उनके खाते में जमा नहीं हो पाई है। बैंक खाता ब्लॉक होने से भी भुगतान नहीं हो पाया। वही 3387 हितग्राहियों की 71 लाख 90 हजार 650 रु. स्कॉलरशिप शासन की ओर से रुका हुआ है।

गलतियां अफसरों की, भुगत रहे हैं विद्यार्थी

केस 1. स्कॉलरशिप के लिए कार्यालय का काट रहे चक्कर: बेमेतरा ब्लाॅक के ग्राम लोलेसरा के हाईस्कूल में अध्ययनरत विकास पिता महेन्द्र वर्मा को स्कॉलरशिप नहीं मिली है। कक्षा 9वीं के छात्र के अनुसार कार्यालय से जानकारी मांगने पर राज्य से भुगतान लंबित होने की बात कहते हैं।

जिले में वर्गवार स्कॉलरशिप के हितग्राही

ब्लाॅक ओबीसी हि. एससी हि. एसटी हि.

बेमेतरा 18662 6798 1464

बेरला 16721 4261 766

नवागढ़ 15779 10073 1397

साजा 17432 3686 2191

कुल 68594 24818 5818

(स्रोत- जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेमेतरा)

बेमेतरा. स्कॉलरशिप की जानकारी लेने संबंधित छात्र कार्यालय पहुंच रहे हैं।

केस 2.लेनदेन नहीं करने की वजह से खाता ब्लॉक: ब्लाॅक के खिलोरा स्कूल में अध्ययनरत कक्षा 10वीं के छात्र प्रमोद साहू को इस सत्र में स्कॉलरशिप नहीं मिली है। यहां लंबे समय से लेनदेन नहीं करने के वज ह से संबंधित छात्र का खाता बैंक प्रबंधन ने ब्लाॅक कर दिया है।

27 हजार हितग्राही नवागढ़ ब्लाॅक के

जिले के 99 हजार 230 हितग्राही हैं। इसमें सबसे अधिक 27 हजार 249 हितग्राही नवागढ़ ब्लाॅक के है। वहीं बेमेतरा ब्लाॅक में 26 हजार 924, साजा ब्लाक में 23 हजार 309 एवं बेरला ब्लाॅक में 21 हजार 748 हितग्राही शामिल है। इसमें 43 हजार 819 छात्र एवं 55 हजार 411 छात्राएं है। स्कॉलरशिप नहीं मिलने के कारण इनकी परेशानी बढ़ी है। संबंधित छात्रों के पालक भी कार्यालय के चक्कर लगा कर परेशान हैं।

92,840 हितग्राहियों को 6 करोड़ 75 लाख का भुगतान

जिले के 92,840 हितग्राहियों को 6 करोड़ 75 लाख 33 हजार 825 रुपए स्कालरशिप उनके बैंक खातें में जमा कराया जा चुका है। वहीं 6390 हितग्राहियों को 93 लाख 71 हजार 70 रुपए का भुगतान शेष है। लंबित भुगतान में 3507 छात्र व 2883 छात्राएं शामिल हैं।

छात्रों को मिलने वाली स्कॉलरशिप

प्रायमरी स्कूल 300 रु.

मिडिल स्कूल 300-600 रु.

हाईस्कूल ओबीसी 600 रु.

हाई/एचएस स्कूल एससी/एसटी 2250 रु.

सीधी बात

बीके प्रजापति, स्टेट नोडल अधिकारी, स्कॉलरशिप योजना

हमारी ओर से कोई भुगतान बकाया नहीं है

जिले के 6 हजार से अधिक विद्यार्थियों का 93 लाख भुगतान बकाया है?

- हमारी ओर से कोई भुगतान बकाया नहीं है।

जिला कार्यालय से 6390 विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप पेंडिंग बताई जा रही है?

- स्कॉलरशिप बैंक खाते में जमा नहीं होने के कारणों से संस्था प्रमुखों को अवगत कराया गया है। इस संबंध में जिला कार्यालय से बात करें।

इसमें आगे क्या होगा। बीते दो सत्र के हजारों छात्रों का भुगतान बकाया है?

- सभी हितग्राहियों का भुगतान होगा। एसबीआई नोडल बैंक हैं, उन्हें राशि जारी कर दी गई है। जो हितग्राहियों से संबंधित बैंकों को जारी करती है।

इसमें त्रुटि सुधार की प्रक्रिया क्या है?

- संस्था प्रमुख त्रुटि सुधार कर या ब्लाॅक खाताधारकों के नए खाता खुलवाकर डीईओ कार्यालय के माध्यम से डीपीआई को जानकारी भिजवाएं। जिसे हम नोडल बैंक को फिर से भेजकर हितग्राहियों के खातों में स्कॉलरशिप की राशि जमा कराई जाएगी।

खबरें और भी हैं...