आईडी में गड़बड़ी,नहीं मिल रहा खाद्यान्न
नपं क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों की 1 वर्ष से अधिक समय होने के बाद भी खाद्यान्न पर्चियां नहीं बन सकी है। जिसके चलते नागरिक परेशान बने हुए हैं। स्थिति यह है कि नगर में 100 से ज्यादा परिवार अपनी समग्र आईडी बनवाने व आईडी में संशोधन कराने के लिए भटक रहे हैं। इसके बाद भी नपं के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कोई भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसके चलते लोग प्रतिदिन नपं के चक्कर लगा रहे हैं। मुन्नालाल जाटव, अंगूरी शाक्य ने बताया है कि हमारे बीपीएल राशन कार्ड बने 1 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। इसके बाद भी अभी तक राशन कार्ड के बाद मिलने वाली खाद्यान्न पर्ची नहीं मिली है। जिस कारण हमें राशन नहीं मिल पा रहा है।
बिना पर्ची के दुकान संचालक नहीं देता राशन : नागरिकों की माने तो बिना खाद्यान्न पर्ची के राशन दुकान संचालक हमें राशन नहीं देता है। इस संबंध में हमने कई बार नपं सीएमओ एवं संबंधित कर्मचारियों से शिकायत की है। इसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। परिषद के मानसिंह ओझा, मुरारी जाटव का कहना है कि हमारे परिवारों की परिवार आईडी एवं समग्र आईडी में बच्चों एवं बड़ों के नाम दूसरी अन्य आईडी में शामिल कर दिए हैं। इस तरह की हजारों परिवार की आई डी में गड़बड़ी कर दी गई है। जिन्हें सुधार करवाने के लिए जब भी नपं में जाते हैं तो कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही है।
नगर परिषद क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक खाद्यान्न कूपन एवं परिवार आईडी की गड़बड़ी से परेशान
बिना आईडी के छात्रों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
समग्र आईडी नहीं मिलने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। क्योंकि बिना आईडी के न तो स्कूल में प्रवेश मिलता है और न ही छात्रवृति मिलती है। ऐसे में बच्चे आईडी के लिए चक्कर लगाते रहते हैं। जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। नागरिकों को आरोप है कि नपं सीएमओ मधुसूदन श्रीवास्तव आए दिन ऑफिस से गायब रहते हैं सप्ताह में ब-मुश्किल 1 या 2 दिन ही आते हैं, बाकी 5 दिन सरकारी काम का बहाना बनाकर अपने घर शिवपुरी रहते है। जिस कारण पूरे ऑफिस की व्यवस्था चरमरा रही है।