दो महीने पहले भी एकतरफा प्यार में युवक कर चुका है हरकत
भास्कर संवाददाता | बेरछा
एक तरफा प्रेम में डूबे युवक द्वारा जबरन युवती के साथ छेड़छाड़ करने और उसका फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने सहित जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 2 माह पहले 19 वर्षीय युवती पूजा (परिवर्तित नाम) दोपहर करीब 1 बजे घर पर अकेली थी। उस समय उसकी मम्मी सुनीताबाई मजदूरी करने व 17 वर्षीय भाई स्कूल गया था, तभी भीमसिंह मांगीलाल निवासी देवलाबिहार जबरन घर में घुस आया और बुरी नीयत से हाथ पकड़कर झूमा-झटकी करने लगा और बोला की मैं तुझसे शादी करना चाहता हूं, इस पर युवती चिल्लाई और युवक भाग खड़ा हुआ और जाते-जाते धमकी देकर गया कि यह बात किसी को बताई, तो तेरे भाई को जान से खत्म कर दूंगा।
इस बात से युवती डर गई और यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद बीते 25 अप्रैल को उक्त युवती की शादी बिसुखेड़ी ग्राम में हुई तथा शादी के बाद 28 अप्रैल को जब युवती अपने मायके आई, तो 2 मई के दिन भीमसिंह ने विवाहिता को फोन करके घर बुलाया और कहा की यदि नहीं आई, तो सब जगह तेरी बदनामी कर दूंगा। इसी डर की वजह से उसके घर चली गई, तो युवक ने वहां माला गले में डाल दी और कहा की मुस्कुराते हुए फोटो खिंचवा तथा बाद में उसने वह फोटो वॉट्सएप ग्रुप पर यह लिखकर पोस्ट कर दी की मेरी इससे शादी हो गई है। 7 मई को दिन में 12 बजे विवाहिता के भाई ने वॉट्सएप ग्रुप पर जब वह फोटो देखा और अपनी बहन से घटना के बारे में पूछा तब विवाहिता ने पूरा घटनाक्रम अपने भाई व परिवार को बताया। इसके बाद थाने पर आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। बेरछा पुलिस ने भादवि की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया है।