गांवों में रात्रि ठहराव फिर शुरू भागलपुरी में आज जाएंगी डीसी
जिला प्रशासन लंबे समय के अंतराल के बाद एक बार फिर सायंकालीन खुला दरबार का आयोजन करने जा रहा है। इसके तहत डीसी रात को संबंधित गांव में ही रुकेंगी और अगले दिन सुबह गांव की सैर कर मौके पर गांव के हालात अफसरों के साथ परखेंगी। इस कार्यक्रम के लिए बेरी ब्लाॅक के भागलपुरी गांव का चयन किया गया है। यहां बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हॉल में खुला जनता दरबार लगाया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। एसडीएम बेरी अश्विनी कुमार ने बताया कि सायं साढ़े चार बजे जनता दरबार की अध्यक्षता उपायुक्त सोनल गोयल करेंगी। उपायुक्त भागलपुरी गांव में विकास कार्यों और सरकारी कार्यालयों-संस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगी। उपायुक्त का रात्रि ठहराव भी भागलपुरी गांव में ही होगा।
एसडीएम ने लघु सचिवालय में जनता दरबार और उपायुक्त के रात्रि ठहराव के मद्देनजर अधिकारियों की बैठक ली। एसडीएम ने बताया कि जनता दरबार में ग्रामीणों की सुविधा के लिए सीएमओ झज्जर की ओर से निशुल्क हेल्थ चैकअप कैंप, पशुपालन विभाग की ओर निशुल्क पशु स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।