दूबलधन-पलड़ा में जमा पानी से टूटी सड़क पर हो रहे हादसे
बेरी. दूबलधन पलड़ा सड़क पर जमा गंदा पानी।
भास्कर न्यूज | बेरी
दूबलधन गांव के किरमान पाना में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से लोग परेशान हैं। गांव का गंदा पानी दूबलधन-पलड़ा मार्ग पर भरने के कारण सड़क भी टूटती जा रही है। स्थिति यह है कि सड़क पर गड्ढे होने से वाहनों का संतुलन बिगड़ने के कारण लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। विभागीय अधिकारियों की यह अनदेखी लोगों पर भारी पड़ रही है। चार दिन पहले बारिश होने से टूटी सड़क पर पानी जमा हो गया है। सूरजमल का कहना है कि बरसात के समय लोग अपने स्तर पर पानी निकलवाते हैं। यह जानते हुए भी संबंधित विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे। इससे साफ है कि प्रशासन का स्वच्छता अभियान दम तोड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में गंदे पानी की निकासी का कोई समाधान नहीं हो रहा है। गांव का गंदा पानी सड़क और गलियों में भरा रहता है। अब हालात यह है कि लोग रास्तों से गुजर नहीं सकते। क्योंकि वातावरण दूषित हो रहा है। दूबलधन से पलड़ा व दूबलधन से दादरी को जाने वाली सड़क पर गंदा पानी जमा है। यहां से गुजरने वाली गाड़ियों के पलटने की भी संभावना रहती है।
दो बुजुर्ग गिरकर
हो गए घायल
संजय मास्टर, चांद सिंह, नेतराम व रणधीर का कहना है कि बुधवार सुबह गांव के दो बुजुर्ग कांशीराम व रामहेर बाइक पर सड़क से गुजर रहे थे। यहां गड्ढे होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गिरकर घायल हो गए। ग्रामीण दोनों को नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां हालत में सुधार नहीं होने पर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
गंदे पानी में पनप रहे मच्छर-मक्खी
जब लोग सुबह सैर के लिए जाते हैं तो अंधेरा होने के कारण रास्ते से निकलना भी कठिन रहता है। मच्छर-मक्खी भी गंदे पानी में पनप रहे हैं। इससे रोग फैलने का भय बना है। महिलाओं का कहना है कि इस समस्या से महिलाओं को ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ता है।